Kanpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने बहस के बाद अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। रविवार की देर रात हुई घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पति को पत्नी के अवैध संबंध का था शक
आरोपी की मानें तो कथित तौर पर उसकी पत्नी पर अपने प्रेमी से फोन पर बात करती थी। रविवार को वो जब घर लौटा तब भी पत्नी प्रेमी से ही बात कर रही थी। इस कारण दोनों में तीखी बहस हुई। बात मारपीट तक पहुंच गई।
ऐसे में पत्नी की मां बीच-बचाव करने आई लेकिन गुस्से से तिलमिलाए पति धारदार हथियार से काटकर पत्नी और सास दोनों की हत्या कर दी। घटना जिले के चकेरी थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी की है।
2017 में दोनों की हुई थी शादी
आरोपी की पहचान जोसेफ पीटर के रूप में हुई है जो मेटल प्रिंटिंग का काम करता था। साथ ही वो इवेंट में भी काम करता था। उसकी पत्नी कामिनी घर में अकेली रहती थी। 2017 में दोनों की शादी हुई थी। करीब 10 दिन पहले ही कामिनी की मां लखनऊ से उनके साथ रहने आई थी। कामिनी दिल्ली के किसी दोस्त से अक्सर फोन पर बात करती थी।
इस बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। इसी क्रम में रविवार को भी उसने पत्नी को फोन पर बात करते देखा, जिससे को चिढ़ गया और झगड़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान आवेग में आकर उसने पत्नी और सास दोनों की हत्या कर दी।
करीब आधे घंटे तक लाश के पास बैठा रहा
पुलिस की मानें तो वो घटना के बाद मौके पर से भागा नहीं। बल्कि घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और करीब आधे घंटे तक लाश के पास बैठकर उन्हें देखता रहा।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। ऐसे में मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलावाया। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि पीटर दोनों की लाश के पास बैठा हुआ है। ऐसे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के संबंध में एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक पीटर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वो पत्नी के किसी और से मोबाइल पर बात करने से परेशान था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। पड़ोसियों का कहना है कि पीटर अपने में ही रहता था। उसे किसी से कोई मतलब नहीं था।