Tripura Missing Student Death: पिछले छह दिनों से लापता दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा स्नेहा देबनाथ का शव रविवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित यमुना नदी से बरामद किया गया। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में जानकारी दी। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली पुलिस ने बताया कि सिग्नेचर ब्रिज के पास एक पुलिस टीम ने एक लड़की का शव बरामद किया है।
आत्महत्या की कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
रिपोर्ट के मुताबिक त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कार्यालय के त्वरित और सक्रिय हस्तक्षेप और दिल्ली पुलिस के सहयोग से शव बरामद किया गया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि छात्रा ने यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। हालाँकि, इस दुखद घटना के पीछे की असली परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए पूरी जांच चल रही है।
छात्रा के परिवार द्वारा दिए गए एक नोट में उसके सिग्नेचर ब्रिज से कूदने के इरादे का संकेत दिया गया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने एक लड़की को पुल पर खड़ा देखा था और बाद में वह लापता पाई गई। उसके करीबी दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से परेशान थी और उसने उस सुबह ईमेल और व्हाट्सएप संदेश भेजे थे, जिस सुबह वो लापता हो गई थी।
यह भी पढ़ें – Delhi News: दिल्ली में बड़ा हादसा, ऑडी ने आधी रात फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को कुचला, नशे में धुत चालक गिरफ्तार
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और स्नेहा देबनाथ के परिवार के संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिल्ली स्थित त्रिपुरा भवन को शोक संतप्त परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने और पूरी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। दक्षिण त्रिपुरा जिले के सबरूम की 19 वर्षीय स्नेहा देबनाथ कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी से लापता हो गई थी।
कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए
नई दिल्ली में रहस्यमय परिस्थितियों में स्नेहा के लापता होने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के नेतृत्व में तलाशी अभियान तेज कर दिया। इसके बाद, सीएम साहा ने पुलिस को मामले पर तत्काल और उचित कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें – दिल्ली में डबल मर्डर, दोस्तों ने एक-दूसरे की चाकू से गोदकर ली जान, दोनों की दोस्ती के मोहल्ले-भर में थी चर्चा
सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक बयान में, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, “सबरूम की निवासी स्नेहा देबनाथ की रिपोर्ट, जो कथित तौर पर नई दिल्ली में लापता हो गई है, मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान में आई है। इसके बाद, पुलिस को तत्काल और उचित कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।”
सात जुलाई को आखिरी बार परिजन से की थी बात
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज की छात्रा स्नेहा, आखिरी बार 7 जुलाई को अपने परिवार के संपर्क में थी। उसका आखिरी फ़ोन कॉल सुबह 5:56 बजे आया था। चिंता तब और बढ़ गई जब सुबह 8:45 बजे तक उसका फ़ोन बंद पाया गया, और बाद में पुष्टि हुई कि पिटुनिया उस सुबह स्नेहा से योजनानुसार नहीं मिली थी।
परिवार द्वारा खोजे गए एक कैब ड्राइवर ने स्नेहा को दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज के पास छोड़ने की पुष्टि की। 9 जुलाई को, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एनडीआरएफ की सहायता से सिग्नेचर ब्रिज क्षेत्र के सात किलोमीटर के दायरे में गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी में कोई ठोस सुराग नहीं मिला था। अब उसकी लाश बरामद की गई है।
