झारखंड के दुमका जिले शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्पेन की एक महिला से कथित तौर पर 7 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। घटना पर पुलिस का कहना है कि फिलहाल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में हुई। वारदात वाले दिन स्पेन की महिला अपने पार्टनर के साथ एक टेंट में सो रही थी। यह कपल बाइक से बांग्लादेश से दुमका पहुंचा था और बिहार होते हुए नेपाल जाना चाहता था।

35 साल की विदेशी महिला ने बताई आपबीती

सूत्रों के अनुसार, कपल दुमका के रास्ते भागलपुर की ओर जा रहे थे और रात में उन्होंने दुमका के हंसडीहा बाजार के पास एक सुनसान इलाके में टेंट लगाया था। रिपोर्ट के अनुसार, एक गिरोह ने कपल को टेंट में देखा। उन्होंने उनके साथ मारपीट की और महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। घटना के बाद लगभग 35 साल की पीड़िता ने एक पुलिस गश्ती वाहन को रोका और उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस महिला को अस्पताल ले गई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए दुमका जिले के सिविल सर्जन बी पी सिंह ने कहा, “मुझे एसडीओ सदर द्वारा विदेशी महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की सूचना दी गई थी। मेडिकल जांच की गई है। पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसके साथ 7 लोगों ने दुष्कर्म किया। वहीं मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि ‘‘पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार खुद गत रात घटनास्थल पर गए और वहां डेरा डाले हुए हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘घटना के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूरी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाएगा आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

पुलिस ने कहा कि घटना में 7-8 लोग शामिल

अधिकारी ने आगे बताया कि पीड़िता को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उपमहानिरीक्षक, संथाल परगना, संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक घटना की जांच कर रहे हैं। कुमार ने मीडिया से कहा‘‘मैंने पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में मीडिया को बयान देने को कहा है।’’ इस बीच एक अन्य अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि इस घटना में सात से आठ स्थानीय युवक शामिल थे। फिलहाल आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच की जा रही है।

इस घटना पर भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, “अगर विदेशी पर्यटकों के साथ इस तरह की घटनाएं होंगी तो झारखंड कौन आएगा?”

आधी रात सड़क किनारे खड़े थे कपल

मामले में दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा, ” कपल सड़क किनारे खड़े थे। उन्होंने आधी रात को एक गश्ती वैन को रोका। शुरुआत में गश्ती दल को घटना के बारे में ज्यादा समझ नहीं आया क्योंकि महिला कुछ हद तक अंग्रेजी और कुछ हद तक स्पेनिश भाषा में बोल रही थी। इसके बाद उन्हें एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। मुझे लगभग 1.30 बजे एक कॉल आई और मैं जांच करने के लिए मौके पर पहुंचा।”

वहीं स्पैनिश महिला ने शुक्रवार रात अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो डाला जिसमें कपल ने कहा, “हम अस्पताल में हैं और हमारे साथ कुछ ऐसा हुआ है कि हम नहीं चाहेंगे कि किसी के भी साथ हो। सात लोगों ने मेरे साथ बलात्कार किया और हमें पीटा। उन्होंने हमें लूट लिया। हम पुलिस के साथ अस्पताल में हैं, यह घटना आज रात भारत में हुई।

पीड़ित जोड़े ने बताया, “उन्होंने हम पर हमला किया और हमें पीटा। हमारी गर्दन पर चाकू रखा और कहा कि वे हमें मारने वाले हैं… वे सात लोग थे… हम स्पताल में हैं। हमने बाइक को अस्पताल के अंदर रख दिया है और अब वे हमें डीएनए परीक्षण करने के लिए लगभग 60 या 70 किलोमीटर दूर दूसरे अस्पताल में ले जा रहे हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।