हरियाणा के गुरुग्राम में उस समय सनसनी फैल गई थी जब मिर्जापुर गांव में एक 50 साल की साध्वी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अब इस हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक साधु को गिरफ्तार किया है। साधु असल में साध्वी के साथ ही रहता था।

पुलिस से बचने के लिए उसने झूठी कहानी बनाई थी। उसने पुलिस से कहा था कि वह दूध लेने गया था और जब लौटा को साध्वी को खून से लथपथ पाया। अब इस मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस के सामने खोला राज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साधु (70) ने स्वीकार किया है कि मामूली बात पर झगड़े के बाद उसने साध्वी रोशनी देवी का गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा, ‘‘हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है और हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। ’’

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सोनीपत के गगना गांव के नफे उर्फ खमाई नाथ के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों साथ रहते थे और अक्सर उनके बीच झगड़ा होता था। पुलिस ने कहा कि नफे ने दावा किया कि बुधवार को एक बहस के दौरान उसने रोशनी देवी को हथियार से डराने की कोशिश की, लेकिन गलती से उसकी गर्दन पर वार हो गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

इसे पहले नफे ने पुलिस को बताया था कि वह दूध लेने गया था और जब वह अपनी झोपड़ी में वापस आया तो उसने रोशनी को लहूलुहान पाया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

दिल्ली में 4 लोगों ने पीट-पीटकर की शख्स की हत्या

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामला पुरानी दुश्मनी का है। घटना की जानकारी पुलिस ने दी। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।

दरअसल, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में एक पार्क के पास चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर एक शख्स को कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। जबकि एक अन्य को बुरी तरह घायल कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।