पंजाब के जालंधर में DSP की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अधिकारी की हत्या के आरोप में एक ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने झगड़े के बाद अधिकारी की सर्विस पिस्तौल से दलबीर सिंह (54) की हत्या कर दी। डीएसपी सिंह वेट लिफ्टर थे, जिन्होंने अर्जुन पुरस्कार जीता था। पुलिस ने पहले बताया था कि सिंह के शरीर पर चोट के निशान थे और उनका शव सोमवार को जालंधर के बस्ती बावा खेल में एक सड़क पर मिला था जहां वह तैनात थे।
रिपोर्ट के अनुसार, डीएसपी दलबीर सिंह ने 31 दिसंबर को अपने दोस्तों के साथ पार्टी की थी। इसके बाद उनके दोस्तों ने उन्हें बस स्टैंड के पीछे छोड़ दिया था। जानकारी के अनुसार, घटना के समय डीएसपी के साथ उनके गार्ड नहीं थे।
31 दिसंबर की रात हुई थी घटना
जालंधर पुलिस के आयुक्त स्वप्न शर्मा ने मीडिया से कहा कि यह घटना नए साल के एक दिन पहले यानी 31 दिसंबर की रात को हुई। जब डीएसपी ने ऑटो चालक विजय कुमार को उसके गांव कपूरथला में खोजेवाल छोड़ने को कहा। शर्मा ने कहा कि नशेड़ी कुमार ने इतनी दूर जाने से मना कर दिया। जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच झगड़ा बढ़ जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर डीएसपी की सर्विस पिस्तौल ले ली और उन्हें गोली मार दी।
आयुक्त ने कहा कि डीएसपी की दाहिनी आंख पर गोली लगी और उनकी खोपड़ी के पिछले हिस्से को पार कर गई। सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली के घाव का पता चला है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह जालंधर का रहने वाला है।” उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और गोलियां बरामद की हैं। डीएसपी दलबीर सिंह के परिवार ने मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।