दिल्ली के शास्त्री पार्क से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक एकतरफा प्यार में एक 23 साल के युवक ने 22 साल की शादीशुदा महिला को चाकू से गोदकर घायल कर दिया। दरअसल, महिला की 4 महीने पहले शादी हुई थी। इस बात को लेकर वह नराज था। दरअसल, वह महिला से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। वह युवती से मिलने के लिए हैदराबाद से दिल्ली आया था। युवती से मिलने के बाद उसकी बहस हो गई। जिसके बाद उसने महिला को चाकू से गोद दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसके सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट आई है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी और पीड़िता पड़ोसी थे। यह घटना बुलंद मस्जिद के पास हुई। यहीं पर आरोपी शाह बाबू पीड़िता से मिलने आया था।

दरअसल, बातचीत के दौरान आरोपी शाह बाबू ने आपा खो दिया और महिला पर चाकू से हमला कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, महिला की किसी औऱ से शादी होने से वह खुश नहीं था।

मामले में पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि एक महिला को चाकू मारने के संबंध में दोपहर 3.25 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। पीड़िता के चेहरे, सिर और हाथों पर गहरे घाव थे। इलाज के लिए उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला की गंभीर हालत देखने के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

अधिकारी ने आगे कहा कि आरोपी शाह बाबू को मौके से चाकू के साथ पकड़ लिया गया। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों बिहार के किशनगंज में पड़ोसी थे। पीड़िता ने चार महीने पहले मोहम्मद मुन्ना से शादी की थी। शाह बाबू उसकी शादी से खुश नहीं था। आरोपी हैदराबाद में दर्जी का काम करता था। वह पीड़िता से मिलने के लिए दिल्ली आया था। पीड़िता से बातचीत के दौरान उसने अपना आपा खो दिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।