आजकल ठगी करने वाले साइबर अपराधी हर जगह जालसाजी को अंजाम देने के लिए तैयार रहते हैं। जालसाजी का एक चौंकाने वाला मामला महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आया है। यहां एक किसान ने फेसबुक पर गाय बिकने का विज्ञापन देखा था। इसके बाद विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क कर किसान ने सौदे की बात भी कर ली लेकिन किसान को क्या पता कि वह एक ठग से बात कर रहा है।
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि घटना नागपुर जिले का खंडाला गांव की है। खंडाला गांव के रहने वाले 67 साल के किसान सुखदेव पांडुरंग गुरवे ने फेसबुक से गाय खरीदने के चक्कर में 34,000 रूपये गंवा बैठे। परसिवनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि किसान सुखदेव ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।
किसान ने शिकायत में बताया है कि उसने हाल ही में फेसबुक के जरिए एक विज्ञापन देखा था, जिसमें लिखा था कि 58,000 रूपये में दो गाय खरीदी जा सकती हैं। ऐसे में किसान ने विज्ञापन डालने वाले शख्स सोनू कुमार से बात की और सौदा तय कर लिया। इसके बाद किसान ने तीन बार में 34,000 रूपये जालसाज सोनू के बैंक खाते में भेज दिए। जिसके बाद उसने किसान को जवाब देना बंद कर दिया।
कई दिनों तक जवाब न मिलने पर सुखदेव गुरवे को समझ आ गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई तो उसने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। किसान सुखदेव गुरवे की शिकायत पर पुलिस वालों ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
यहां वोडाफोन कर्मचारी बन ठगे 5.85 लाख: मुंबई के भायखला, बांद्रा और एमएचबी कॉलोनी से सामने आये अलग-अलग तीन मामलों में ठगों ने कथित तौर पर Vodafone का कर्मचारी बन तीन लोगों को सामूहिक रूप से 5.85 लाख का चूना लगा दिया। पुलिस ने बताया है कि ठगी के तीनों मामलों में एक ही तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
इसमें पहले ठग ने फोन कंपनी का ऑपरेटर बन लोगों को बताया कि आपके नंबर की केवाईसी (KYC) अपडेट नहीं है, ऐसे में आपका नंबर जल्द ही बंद हो सकता है। इसके बाद ठगी के इन मामलों में साइबर अपराधी ने सभी से उनकी बैंक डिटेल हासिल कर ली, फिर तीन लोगों से कुल 5.85 लाख रूपये ठग लिए। मुंबई से सामने आये तीन मामलों में से दो लोगों को एक ही ठग ने अपना शिकार बनाया था।
बता दें कि किसी कंपनी का संस्था का ग्राहक सेवा कर्मचारी बनकर व फेसबुक के जरिए खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का पहला मामला नहीं है, बल्कि ऐसा पहले भी होता रहा है। वहीं, मुंबई से सामने आए मामलों के बाद ग्राहकों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए वोडाफोन ने अपनी वेबसाइट पर व टेक्स्ट मैसेज के जरिए एक चेतावनी संदेश भी जारी किया है।