कोलकाता में बिधाननगर पुलिस ने एक ऐसे चोर को हिरासत में लिया है जिसने अब तक 14 राज्यों के 1200 घरों में चोरी की है। वह यूनीक तरीके से चोरी करता था। वह इतना चालाक था कि अपने खिलाफ कोई निशान नहीं छोड़ता था। वह पिछले 25 सालों से चोरी कर रहा था मगर पुलिस की पकड़ में नहीं आता था। उसके चारी करने का स्टाइल ऐसा था कि वह लोगों के सामने होकर भी पकड़ में नहीं आता था। वह शूटबूट पहनकर रहता था। उसे देखकर ऐसा लगता था कि वह किसी कॉरपोरेट कंपनी में बड़े ओहदे पर कार्यरत है।

वह लंबी-लंबी गाड़ियों में ड्राइवर के साथ आता था और उन घरों को निशाना बनाता था जो बंद थे। हालांकि वह इस बात का ध्यान रखता था कि वे घर ज्यादा दिन से बंद नहीं होते थे। फिलहाल बिधाननगर पुलिस ने उसे साल्ट लेक के सौरव अबासन में दो साल पुरानी हाई-फाई प्रोफाइल चोरी के मामले में हिरासत में लिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, उसने पिछले 25 सालों में 14 राज्यों में करीब 1200 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। वह चोरी करने के बाद सेडान में घूमता था। वह फॉर्मेल ड्रेस पहनता था। इस चोर का नाम नदीम कुरैशी है जो 45 साल का है। उसके पास मुंबई और पुणे में करोड़ों की संपत्ति है और उसके बच्चे प्रतिष्ठित स्कूलों में पढ़ते हैं। गाजियाबाद पुलिस उसे तिहाड़ जेल से बंगाल ले आई।

देश भर के 14 राज्यों में की चोरी

बिधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वह देश भर में चोरी के मामलों में वांछित है। वह यूनीक तरीके से चोरी करता था और घटना स्थल से आसानी से फरार हो जाता था। हमने उसे पहली बार 2021 में खोजा था। उस वक्त उसने सौरव अबासन के दो फ्लैटों में 12 लाख रुपये की डकैती की थी। हमने उसे कोना एक्सप्रेसवे तक ट्रैक किया था, लेकिन वह फरार हो गया था।

इसके बाद जब अधिकारियों को पता चला कि उसे राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद गाजियाबाद में चोरी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उसे तिहाड़ जेल में ट्रांसफर कर दिया गया था। वह 2021 से वहां बंद है। हमने जेल अधिकारियों के समक्ष प्रोडक्शन रिमांड रखा था। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस उसे बंगाल ले आई। जहां साल्ट लेक की एक अदालत ने उसे सोमवार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

5वीं में छोड़ दी थी पढ़ाई

रिपोर्ट के अनुसार, कुरेशी ने पांचवीं कक्षा की पढ़ाई छोड़ दी थी। उसने अपने पैतृक गांव में मवेशियों की चोरी करके अपराध की दुनिया में कदम रखा था। 17 साल की उम्र में ही वह कई चोरियां कर चुका था। पिछले कुछ सालों में उसने दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, ओड़िशा और अन्य राज्यों में चोरियां की हैं। रोपोर्ट के अनुसार, 2021 के समय बंगाल के नारायणपुर और बागुईआटी में इसी तरह के अपराध किए गए। पुलिस अब यहां कुरेशी के कनेक्शन का पता लगा रही है।

फॉर्मल कपड़ों में घूमता था

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह फॉर्मल कपड़ों में घूमता था और ऐसी ईमारतों में घुसता था जहां सुरक्षा कम होती थी। वह ड्राइवर के साथ कार से अंदर जाता। लिफ्ट से सबसे ऊपर पहुंच जाता औऱ फिर सीढ़ियों से नीचे आता। वह उन घरों को निशाना बनाता था जो लंबे समय से बंद नहीं थे। वह केवल नकदी और सोना चुराता था ताकि चोरी की गई लूट का पता न लगाया जा सके।

रिपोर्ट के अनुसार, अब तक उसे कम से कम आठ बार गिरफ्तार किया जा चुका है। वह 23 मामलों में घोषित अपराधी है। उसने “नदीम गैंग” नामक एक टीम बनाई थी। उसने गैंग के लोगों को ट्रेनिंग दी थी। वे भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिलहाल वह हिरासत में है।