उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में अवैध धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम शख्स ने पहले दलित महिला से फेसबुक पर दोस्ती कर ली फिर उसे मुंबई ले जाकर इस्लाम में उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। महिला पहले से शादीशुदा है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिद्धार्थनगर के उप पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपी को पांच अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है। सभी के ऊपर आईपीसी की धारा 504 और 506, एससी/एसटी अधिनियम और उत्तर प्रदेश के धर्मांतरण विरोधी कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
असल में शैलेश कुमार की चार साल पहले लक्ष्मी से शादी हुई थी। सबकुछ सही चल रहा था इसी बीच 31 मई 2023 की रात लक्ष्मी अपने साथ 55,000 रुपये और सोने के कुछ जेवरात लेकर अचानक लापता हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना तुरंत थाने में दी और कार्रवाई की मांग की। दो दिन बाद पता चला कि जिले के सिसवां गांव के रहने वाले सजौल्लाह ने फेसबुक पर शैलेश की पत्नी लक्ष्मी से दोस्ती की थी और कुछ साथियों के साथ उसे मुंबई ले गया था।
लक्ष्मी से बना दिया मुस्कान
मुंबई में उन्होंने महिला का धर्म परिवर्तन कराया और उसका नाम लक्ष्मी से मुस्कान में बदल दिया। इसके बाद सजौल्लाह ने निकाह समारोह में ‘मुस्कान’ से शादी की। इस बीच युवती के परिजन मुंबई पहुंच गए और दोनों पक्षों की समझाइश के बाद लक्ष्मी को ससुराल वापस लाने में कामयाब रहे।
इंडिया टु़डे में प्रकाशित रिपोर्टस् के अनुसार, शैलेश ने कहा कि सजौल्लाह के साथ अपनी पत्नी से संबंध के बारे में उन्हें तब पता चला जब उन्होंने लक्ष्मी की चचेरी बहन से बात की। चचेरी बहन ने खुलासा किया कि लक्ष्मी सिसवां गांव के एक लड़के से फेसबुक पर चैट करती थी और दोनों फोन पर भी बात करते थे।
शैलेश ने यह भी कहा कि लक्ष्मी ने मुंबई ले जाने से पहले नासिक के कल्याण में रहने वाले अपने चाचा से संपर्क किया था। लक्ष्मी ने कथित तौर पर अपने चाचा से कहा कि उसे जबरन मुंबई ले जाया गया और वह वहां से निकलना चाहती है। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।