मुंबई में रहने वाले 70 साल के एक बुजुर्ग दंपत्ति के साथ अनोख तरीके से 4 करोड़ का फ्रॉड किया गया है। आरोपी महिला ने दंपत्ति को 4 महीने तक बेवकूफ बनाया और उनसे पैसे ऐंठे। दरअसल, दंपत्ति एक कॉर्पोरेट कंपनी में काम करते थे। एक दिन पत्नी के पास किसी महिला का फोन आया। उसने खुद को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का कर्मचारी बताया। उसने दंपत्ति को यकीन दिलवाने के लिए उनके बारे में सारी जानकारियां दीं। जैसे कि वे किस कंपनी में काम करते थे। उनका पैन नंबर क्या है। उसने उनके बैंक खाते और रिटायरमेंट की डिटेल के बारे में भी दंपत्ति को बताया। कुल मिलाकर फोन करने वाली महिला ने दंपत्ति को यकीन दिला दिया कि वह पीएफ डिपार्टमेंट से फोन कर रही है। उसने किसी भी तरह दंपत्ति को उसे पैसे भेजने के लिए मना लिया।

दंपत्ति 4 महीने तक उसे पैसे भेजते रहे। जब उनके पास पैसे खत्म हो गए तो फोन करने वाली महिला ने उनसे कहा कि उनके पैसे फ्रीज हो गए हैं। अब इनकम टैक्स विभाग वाले उनसे मिलने आएंगे। दंपत्ति को इसके बाद समझ आया कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। चलिए बताते हैं कि मामला क्या है?

महिला ने कॉल किया और दंपत्ति के 4 करोड़ ठग लिए

दरअसल, मुंबई में रहने वाला कपल एक कॉर्पोरेट कंपनी में काम करते थे। कपल के पास एक महिला ने कॉल किया और उन्हें अपने जाल में फंसाकर उनके कई बैंक खातों से कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। पीड़ित पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसे एक महिला का फोन आया था। उसने दावा किया था कि वह कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से बोल रही है। उसने उस कंपनी का नाम भी बताया जहां पीड़िता के पति पहले काम करते थे। उसने उनके पैन कार्ड नंबर और रिटायरमेंट की डिलेट के बारे में भी बताया। इस तरह आरोपी महिला ने दंपत्ति का विश्वास हासिल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, फोन करने वाली आरोपी ने दंपत्ति को बताया कि उनकी कंपनी ने भविष्य निधि में निवेश के लिए 4 लाख रुपये रखे थे। जो अब 20 साल बाद मैच्योर होकर 11 करोड़ हो गए हैं। दंपत्ति इस पैसे को अब निकाल सकते हैं। इसके बाद आरोपी महिला ने टीडीएस, जीएसटी और इनकम टैक्स के नाम पर दंपत्ति से पैसे ट्रांसफर करने को कहा। दंपत्ति ने उसे पैसे भेज दिए। इसके बाद आरोपी महिला अलग-अलग कारणों से दंपत्ति से पैसे मांगती रही। इस तरह महीने में दंपत्ति का बैंक अकाउंट खाली हो गया। उन्होंने आरोपी महिला से कहा कि अब उनके पासे पैसा नहीं है तो आरोपी महिला ने कहा कि अब उनके पास इनकम टैक्स के लोग आएंगे। इसके बाद दंपत्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।