Congress Expels Madhya Pradesh MLA’s Son: कांग्रेस की मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) ने बलात्कार के आरोपी अपने एक नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आरोपी नेता विधायक का बेटा है और उसे बलात्कार के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

बड़नगर कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे हैं करण

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सचिव चंद्र प्रभाष शेखर ने सोमवार को कांग्रेस के सदस्य करण मोरवाल को एक पत्र जारी करते हुए कहा कि पार्टी ने उनके खिलाफ आरोपों की जांच की और शुरुआती जांच में उन्हें सही पाया है। हालांकि, कांग्रेस नेता पर चल रहा यह मामला अभी भी अदालत में लंबित है। पार्टी ने जिस करण मोरवाल को बाहर का रास्ता दिखाया है, वह बड़नगर कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे हैं।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उठाया सवाल

करण मोरवाल के खिलाफ चल रहे मामले और उन पर की गई कार्रवाई के बारे में बात करते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडियाकर्मियों से कहा कि “इस मामले में पीड़िता ने करीब एक साल पहले आरोप लगाए थे और बाद में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन कांग्रेस को अब आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की सुध आई है। आखिर इतनी इतनी देर क्यों?”

फरारी पर घोषित हुआ था 25 हजार का इनाम

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने अक्टूबर, 2021 में करण मोरवाल को उज्जैन के मक्सी से गिरफ्तार किया था। आरोपी करण के खिलाफ बीते साल 2 अप्रैल को इंदौर के महिला पुलिस स्टेशन में एक महिला द्वारा बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई गई थी, इसके बाद से ही करण फरार हो गया था। आरोपी 6 महीने से ज्यादा तक फरार था, जिसके चलते पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

सरेंडर की दी गई थी चेतावनी

इस मामले में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने करण मोरवाल को चेतावनी भी दी थी कि जितना जल्दी हो सके, वह पुलिस के सामने सरेंडर कर दें, अगर ऐसा नहीं किया तो ऐसी नजीर दी जाएगी जो पूरा मध्य प्रदेश याद रखेगा।