नेपाल में एक भारतीय शख्स को नवजात के शव के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह प्लास्टिक बैग में नवजात को लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसे मंदिर से गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर वह बच्चे के शव को मंदिर लेकर क्यों गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 32 साल के आरोपी को पुलिस ने नेपाल के मधेश जिले में गिरफ्तार किया। पुलिस ने सुरक्षा जांच के दौरान आरोपी को नवजात के शव के साथ पकड़ा। पुलिस ने जब उसकी चेकिंग की तो पाया कि उसने बच्चे के शव को प्लास्टिक बैग में रखा था।

पुसिल ने बरामद किया नवजात का शव

पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम हरिश्चंद्र कुमार सुदी है। उसके पास से पुलिस ने एक नवजात का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार, नवजात की नाल जुड़ी हुई थी। उसके शव को आरोपी प्लास्टिक बैग में भरकर ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

लाल चंदन के साथ पकड़ा गया आरोपी

वहीं दूसरी घटना में एक अन्य भारत के नागरिक को काठमांडू के बाहरी इलाके में प्रतिबंधित लाल चंदन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान नवुद्दीन चौधरी के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के रहने वाले 22 साल के नवुद्दीन को दिल्ली से काठमांडू पहुंची बस से गिरफ्तार किया गया। शख्स के पास से पुलिस ने 580 ग्राम लाल चंदन बरामद किया।

रिपोर्ट के अनुसार, 2016 से 2020 के दौरान 19,049 टन से ज्यादा लाल चंदन की लकड़ी की तस्करी की गई। सीआईटीईएस ट्रेड डेटाबेस ने ऐसे 28 घटनाएं दर्ज की हैं। इन घटनाओं में भारत से निर्यात किए जा रहे लाल चन्दन को जब्त किया गया। या फिर जांच में उनके नमूने मिले। दरअसल, 2 फरवरी 2023 को जारी की गई नई फैक्टशीट के अनुसार, चीन लाल चंदन का सबसे बड़ा आयातक है। चंदन की लकड़ियों को लगभग 53.5 प्रतिशत हिस्सा चीन को भेजा गया था।