Coronavirus, Covid-19 India Lockdown: महाराष्ट्र के एक मस्जिद में 10 विदेशी नागरिक मिले हैं। इसके बाद मस्जिद के ट्रस्टियों पर एक एफआईआर भी दर्ज किया गया है। यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि अहमदनगर जिले के नेवासा के मरकूस मस्जिद में कुछ विदेशी ठहरे हुए हैं। जिसके बाद पुलिस ने जब छापेमारी की तो वहां 10 लोग मिले। पूछताछ में पता चला कि इनमें से 5 नागरिक पूर्वी अफ्रीका के डिजबूती (जिबूती) शहर के हैं। जबकि एक बेनिन, 3 डेकॉर्ट और एक घाना का है। इस मामले में पुलिस ने मस्जिद के ट्रस्टी जुम्माखान नबाबखान पठान और सलीम बाबूलाल पठान पर केस दर्ज किया है।
दरअसल पुलिस का दावा है कि ट्रस्ट के सदस्यों को पहले ही सूचित किया गया था कि COVID-19 के खतरे को देखते हुए वो आवश्यक सावधानी बरतें लेकिन इन लोगों ने निर्देशों की अवहेलना करते हुए इन सभी विदेशी नागरिकों को मस्जिद के अंदर रहने की अनुमति दी। इस मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस एक्ट, 1951 की धारा 37 (1) (3), Corona COVID-19 लॉ, 2020 की धारा 11 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
इधर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अमीनाबाद स्थित मरकज़ में डीएम और कमिश्नर ने मंगलवार को छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि यहां 6 विदेशी मिले हैं। यह सभी कजाकिस्तान के हैं। अपने वीजा पर यहां मरकजी, मस्जिद में ठहरे थे। शुरुआती पूछताछ में अभी पता चला है कि यह सभी यहां घूमने आए थे और लॉकडाउन के चलते यहां रुक गए। फिलहाल इन सभी का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है।
पढ़ें: कांग्रेस विधायक की सरकार से मांग- चीन से मांगे 22 बिलियन डॉलर का जुर्माना
इससे पहले पुलिस ने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात के मरकज पर कार्रवाई की थी। आरोप है कि मरकज प्रबंधन ने लॉकडाउन के दौरान नियमों का पालन नहीं किया और यहां भीड़ के बीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विदेश से भी लोग आए हुए थे।
मस्जिद में मलेशिया, इंडोनेशिया, सऊदी अरब और किर्गिस्तान से लोग आए थे। इस कार्यक्रम में करीब 200 लोग शामिल हुए थे। इस महीने की शुरुआत में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो अन्य को कोरोना पॉज़िटिव पाया गया था।
मरकज में मौजूद 24 लोग अब तक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंदर जैन ने दी है। उन्होंने कहा है कि ‘हमें सटीक आंकड़ा नहीं पता, लेकिन मरकज में 1500 से 1700 लोग इकट्ठा हुए थे…अभी तक 1033 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है।’ स्वास्थ्य मंत्री सतेंदर जैन ने मीडिया को जानकारी दी है कि अब तक 334 लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है, जबकि 700 लोगों को क्वारनटीन सेंटर भेजा गया है।

