Lockdown 4.0, Delhi-Gurugram Border Locals Pelt Stones At Police: दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास बुधवार (20-05-2020) को जमकर हंगामा मचा है। स्थानीय लोगों ने गुरुग्राम बॉर्डर के नजदीक पालम विहार के पास खूब बवाल काटा। दरअसल यहां जमा लोग बॉर्डर पार कर गुरुग्राम आना चाहते थे लेकिन पुलिस ने इन लोगों को बॉर्डर पर ही रोक दिया। बॉर्डर पर जमा लोगों की यह भीड़ जल्दी ही आक्रोशित हो गई। आक्रोशित भीड़ ने अचानक पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यहां जमा लोग पुलिस वालों पर पत्थर बरसा रहे हैं। बॉर्डर के उस तरफ खड़े लोग चीख-चिल्ला रहे हैं और पुलिस वालों के प्रति अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन लोगों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया, लेकिन पुलिस के ऐसा करते ही इन लोगों ने पुलिस पर पथराव तेज कर दिया और जबरन गुरुग्राम में घुसने की कोशिश करने लगे। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। इस घटना का जो वीडियो सामने आया है उसनें कुछ महिलाएं भी पुलिस टीम पर हमला करती नजर आ रही हैं।

कोरोना वायरस के चलते हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने दिल्ली से लगी अपनी सीमा को पूरी तरह से बंद करके रखा है। हरियाणा सरकार ने साफ किया है कि दिल्ली से ना तो कोई हरियाणा की सीमा पार कर सकता है और ना ही हरियाणा से अभी कोई दिल्ली जा सकता है।

लॉकडाउन 4.0 के लागू होने के बाद शुरुआत में देश के कई हिस्सों में लोगों के बीच थोड़ा कन्फ्यूजन भी देखने को मिला। जब दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में लागू पाबंदियों में को कम किया था तब दिल्ली से नोएडा जाने वालों की लंबी कतार भी डीएनडी फ्लाईओवर पर लग गई थी।

लेकिन बाद में पुलिस ने लोगों को समझाया था कि यूपी सरकार ने अभी दिल्ली से लोगों के नोएडा आने की इजाजत नहीं दी है। जिसके बाद लोगों को वहां से लौटाया जा सका था।

लॉकडाउन में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी अक्सर लोगों के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। अभी हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद से भी खबर आई थी कि यहां घर जाने की मांग पर अड़े प्रवासी मजदूरों ने पुलिस वालों पर पत्थर फेंका था। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मजदूरों ने पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया था।