Lockdown 4.0: देश में अभी लॉकडाउन का चौथा चरण चल रहा है। सड़क पर तैनात पुलिस लोगों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने में जुटी हुई है। इस बीच मध्य प्रदेश के जबलपुर में सड़क पर दिनदहाड़े हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ है। यहां कुछ लोग एक लड़की को जबरदस्ती खींच कर अपनी कार में बैठाते हुए नजर आए। इस दौरान लड़की चीख-चिल्ला रही थी और आसपास से अन्य लोग भी गुजर रहे थे लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। काफी देर तक यह ड्रामा यहां चलता रहा।

सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक लड़की को जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआत में कई लोगों को यह मामला दिनदहाड़े अपहरण का लगा। हालांकि मामले की सच्चाई इससे अलग थी।

लड़की की उम्र 22 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस लड़की का एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीते 10 मार्च को यह लड़की अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। लड़की के गायब होने पर उसके परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। हाल ही में यह लड़की अचानक वापस आ गई।


लड़की के वापस आने की खबर जब उसके परिवार वालों को लगी तो वो उसे लेने पहुंच गए। लड़की ने अपने परिवार वालों को बताया कि वो अपने प्रेमी के साथ थी और आगे भी उसी के साथ रहना चाहती है। लेकिन लड़की के परिवार वाले इस बात के लिए राजी नहीं थे और उसे अपने साथ घर वापस ले जाना चाहते थे।

लड़की के परिजन इस दौरान उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठा कर घर ले जाने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि लड़की का प्रेमी भी उस वक्त वहां मौजूद था। लड़की के विरोध के बावजूद उसके घरवाले उसे गाड़ी में जबरदस्ती बैठा कर अपने साथ ले गए।