बिहार के जमुई से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नव विवाहित जोड़ा पुलिस से सुरक्षा दिए जाने की गुहार लगा रहा है। प्रेम विवाह करने के बाद कथित तौर पर दोनों को उनके परिजन द्वारा जान से मार दिए जाने की धमकी मिल रही है।

आजतक की रिपोर्ट के अनुसार पूरा मामला जिले के अलीगंज का है। प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2017 में हुई थी। अलीगंज बाजार स्थित चाय दुकानदार अनिल राम का बेटा राजीव कुमार ट्यूशन पढ़ने मोहल्ला में ही रहने वाले जितेंद्र कुमार पांडेय के घर जाया करता था।

अलग-अलग जाति की वजह से रिश्ता नामंजूर

हालांकि, ट्यूशन पढ़ते-पढ़ते उसकी आंखें मास्टर जी की बेटी गुड़िया से चार हो गईं। धीरे-धीरे दोनों की नजदीकीयां बढ़ी और दोनों के बीच प्यार हो गया। चूंकि दोनों अलग-अलग जाति से थे इस कारण लड़की के परिजनों ने इस रिश्ते को सिरे से खारिज कर दिया।

यह भी पढ़ें – मां को गाली कैसे दी… नोएडा में दो महिलाओं के बीच भयानक मारपीट, व्हाट्सएप पर शुरू हुआ था विवाद, Video Viral

रिपोर्ट के अनुसार जितेंद्र ने बिटिया पर नजर रखना शुरू कर दिया। साथ ही उस पर कई पाबंदियां भी लगा दीं ताकि दोनों एक-दूसरे से मिल ना पाएं। कथित तौर पर उसे प्रताड़ित भी किया जाने लगा। पर प्यार ने कब किसी बंधन को माना है।

प्रताड़ना से तंग आकर दोनों ने 17 मार्च 2025 को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में शादी कर ली। लेकिन शादी की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, हंगामा मच गया। अंतरजातीय विवाह से बौखलाए गुड़िया के परिजनों ने प्रेमी राजीव के पिता अनिल राम पर झूठा केस कर दिया।

यह भी पढ़ें – Aligarh News: इस शहर में छिपे हैं सास-दमाद, पुलिस ट्रैक किया लोकेशन, नाराज बेटी बोली – दोनों कहीं भी मरें पर…

राजीव का आरोप है कि पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में ले लिया था और 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के बाद छोड़ा। राजीव ने कहा कि शादी के बाद दोनों को जान से मारने की धमकी मिलने लगी, इस कारण वे पिछले कई दिनों से छुप-छुपकर रह रहे थे।

प्रेमी जोड़ा अब प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा

इस तरह जीने से तंग आकर आखिरकार दोनों जमुई एसपी मदन कुमार के पास पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई। ऐसे में एसपी के निर्देश पर गुड़िया का 164 के तहत बयान दर्ज किया गया और कोर्ट के आदेश पर उसे राजीव के परिजनों को सौंप दिया गया। प्रेमी जोड़ा अब प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा है।

गुड़िया ने कहा कि माता-पिता उसके साथ ज्यादती कर रहे थे। उसे खाना तक नहीं दिया जाता था। घर में कैद रखा जाता था। राजीव उसका पूरा ख्याल रखता था। यहां तक कि उसके पढ़ाई का खर्च भी वही देता था।