इजरायल और हमास के बीच युद्ध जारी है। इसी बीच अमेरिका में हेट क्राइम देखने को मिला है। यहां 71 साल के बुजुर्ग ने 6 साल के फिलीस्तीनी मुस्लिम बच्चे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे को लगभग 26 बार चाकू चाकू से घोंपा गया है। इतना ही नहीं आरोपी शख्स ने बच्चे की मां पर भी हमला किया। महिला गंभीर रूप से घायल है। शिकागो में विल काउंटी शेरिफ दफ्तर ने कहा कि जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी हमास और इजरायल के युद्ध से प्रभावित था। उसने बच्चे और उसकी मां के मुस्लिम होने के कारण ही उन पर चाकू से हमला किया।
लड़के को 26 बार मारा चाकू
घायल मां और बेटे अधिकारियों को शिकागो से लगभग 65 किमी दूर एक घर में मिले थे। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि लड़के पर बड़े चाकू से 26 बार हमला किया गया था। जानकारी के अनुसार, हमास और इजरायल में चल रहे युद्ध को लेकर अमेरिका में यहूदी विरोधी या इस्लामोफोबिक भावनाओं से प्रेरित हिंसा को लेकर हाई अलर्ट है।
आरोपी से लड़ती रही मां
रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की मां पर एक दर्जन से अधिक बार चाकू से हमला किया गया। फिलहाल मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बेटे को खोने के बाद से वह बेसुध है। मामले में पुलिस ने कहा कि महिला ने 911 पर फोन कर कहा कि उसके मकानमालिक ने उस पर चाकू से हमला किया है। इसके बाद वह वॉशरूम में भाग गई और उससे लड़ती रही। फिलहाल पुलिस ने आरोपी जोसेफ एम कज़ुबा को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने घर के बाहर रास्ते पर बैठा हुआ था। उसके माथे पर चोट के निशान थे। पुलिस ने आरोपी पर फर्स्ट-डिग्री हत्या, फर्स्ट-डिग्री हत्या का प्रयास, घृणा अपराध के दो मामले और घातक हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। अब आगे की कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।