India Lockdown, Rape in Bhopal: लॉकडाउन के बीच मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 17 साल की लड़की को अगवा कर रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल जाते वक्त 2 लोगों ने उसे गाड़ी से अगवा कर लिया। लड़की का यह भी आरोप है कि 6-8 किलोमीटर तक किसी भी चेकपोस्ट पर गाड़ी नहीं रुकी यानी इन चेक पोस्ट्स पर उनकी गाड़ी को पुलिस ने रोका ही नहीं।

घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक 18 अप्रैल को यह लड़की अपनी एक दोस्त के साथ अस्पताल जा रही थी। रात करीब 7.30 बजे अस्पताल से थोड़ी देर पहले इस लड़की को कार में अगवा कर लिया गया। लड़की का कहना है कि करीब 8 किलोमीटर तक किसी भी चेक पोस्ट पर इस दौरान पुलिस ने उनकी गाड़ी को नहीं रोका।

‘Times Of India’ की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से एक युवक ने लड़की के साथ रेप किया। पीड़िता के मुताबिक करीब 3 घंटे तक चले इस हैवानियत के खेल के बाद आरोपियों ने उसे एक सुनसान जगह पर उतार दिया। इतना ही नहीं मुंह खोलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

दहशत की वजह से लड़की इस दिन खामोश रही और उसने अपने घरवालों को कुछ नहीं बताया। अगले दिन लड़की की दोस्त ने उसे पुलिस स्टेशन जाने की सलाह दी। इसके बाद पीड़िता ने थाने में जाकर केस दर्ज कराया। मामले में ज़ीरो एफआईआऱ दर्ज किया गया है। पुलिस ने जिन दो आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है उनमें शफिक खान और उसका दोस्त अबिद खान शामिल हैं।


पीड़िता का आरोप है कि शफिक ने सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटना को अंजाम दिया। लड़की ने बताया कि इस दौरान उसने मदद के लिए शोर भी मचाया लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। आपको बता दें कि लॉकडाउन के दौरान मध्य प्रदेश में दुष्कर्म का यह दूसरा मामला है।

इससे पहले भोपाल की ही एक नेत्रहीन महिला बैंक अधिकारी ने आरोप लगाया था कि किसी अज्ञात शख्स ने घऱ में घुसकर रात के वक्त उनके साथ दुष्कर्म किया था। जांच के दौरान पता चला था कि महिला के घऱ के अन्य सदस्य लॉकडाउन की वजह से राजस्थान में फंसे हुए थे और वो घर में अकेली थीं। इस मामले में भी केस दर्ज कराया गया है।