India Lockdown, Fir Against Pappu Yadav: पूर्व सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज किया है। दरअसल देश में जारी लॉकडाउन के बीच दिल्ली के ओखला मंडी में करीब 200-300 मजदूर बीते मंगलवार (12-05-2020) को जुटे थे। यह सभी मजदूर उन्हें घर वापस भेजे जाने की मांग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर गरही गांव के रहने वाले थे। इनमें से कई मजदूर लॉकडाउन के बाद से बेरोजगार हो गए थे और अब किसी भी सूरत में घर पहुंचना चाहते थे।

मजदूरों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पप्पू यादव यहां बिहार के रहने वाले प्रदर्शनकारी मजदूरों से मिलने पहुंचे थे। यहां पहुंचने के बाद पप्पू यादव ने इन लोगों को भरोसा दिलाया कि वो सरकार से अपील करेंगे की वो उन्हें घर भेजने का इंतजाम करें। पप्पू यादव से इन मजदूरों ने कहा कि उनके पास खाने के लिए पैसे नहीं हैं, मकान मालिक ने उन्हें घर से निकाल दिया है और अब उनकी हालत यहां बदतर हो गई है।

लेकिन मजदूरों के इस प्रदर्शन के दौरान लॉकडाउन के नियमों की जहां धज्जियां उड़ाई गईं थी तो वहीं सोशल डिस्टेन्सिंग भी कहीं नजर नहीं आ रही थी।  इस बीच लॉकडाउन के बावजूद सैकड़ों मजदूरों को भरोसा दिलाने पहुंचे पूर्व सांसद पप्पू यादव पर अब पुलिस ने महामारी एक्ट की धारा 188 के तहत अमर कॉलोनी थाने में केस दर्ज कर लिया है।

पप्पू यादव पर लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी मजदूरों को किसी तरह समझा-बूझा कर वहां से हटा दिया गया।

आपको बता दें कि इससे पहले भी जन अधिकार पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव ने पटना में लोगों की भारी भीड़ जुटाकर मास्क बांटे थे जिसकी वजह से उन पर तब भी केस दर्ज किया गया था। देश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु के साथ ही राजधानी दिल्ली में बढ़े हुए मामलों ने देश के आंकड़ें को बढ़ा दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इस महामारी से अब तक 2,293 लोगों की मौत हुई है और 70,756 लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 23,938 लोग ठीक भी हुए हैं।