Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा से एक बार फिर हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ दरिंदों ने एक महिला के साथ गैंगरेप किया। उसके शरीर को नोचा और उसके वस्त्र भी ले गए। पीड़िता जब सड़क पर मदद के लिए गुहार लगा रही थी, सड़क से गुजर रहे लोगों ने उसे पागल समझकर मदद नहीं की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के साथ गैंगरेप की घटना जिले के गंगापुर थाना इलाके में हुई है। बीती रात महिला खाना खाने के बाद टहलने के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान तीन दरिंदों ने इसे कार में डाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया और महिला को निर्वस्त्र कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की ने जब पीड़िता को देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले अपनी जीप के सीट कवर से पीड़िता का शरीर ढका और उसे थाने लेकर पहुंची। इसके बाद महिला सिपाही ने कपड़े मंगवाकर उसे दिए गए। पुलिस मेडिकल के लिए पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा गंगापुर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली। जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला का अपहरण करने वाले नशे में थे।
FSL टीन ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस को वारदात वाली जगह से टूटी चूड़ियां मिली हैं। वहीं गंगापुर कस्बे में हुई इस घटना के विरोध में शनिवार देर रात बड़ी संख्या में लोग पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और न्याय की मांग की।
गंगापुर पुलिस उपाधीक्षक लाभूराम बिश्नोई का कहना है कि पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। इसके बाद महिला को अस्पताल में मेडिकल के लिए लाया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने देर रात ही तीन टीमों का गठन कर तीन संदिग्ध युवकों को डिटेन कर लिया था। अभी पुलिस युवकों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही है। हालांकि, युवक गंगापुर के आस-पास के ही बताए जा रहे है। घटना से इलाके में तनाव है।