Kolkata Minor Rape: कोलकाता से एक मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार तारकेश्वर रेलवे स्टेशन के समीप एक नाले के पास शनिवार तड़के चार साल की एक बच्ची गंभीर रूप से लहूलुहान हालत में मिली, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि बच्ची अपने दादा-दादी के साथ सो रही थी, तभी हमलावर ने मच्छरदानी काटकर उसका अपहरण कर लिया।
परिजनों ने रेप की जताई आशंका
रिपोर्ट के अनुसार बाद में उसे स्टेशन से कुछ सौ-मीटर की दूरी पर कई चोटों के साथ बरामद किया गया। इस मामले में बच्ची के दादा को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची को पहले तारकेश्वर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया और उसे छुट्टी दे दी गई। बाद में परिवार ने पुलिस से जोर देकर कहा कि बच्ची के साथ रेप हुआ है।
परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने के बाद अधिकारियों ने जांच फिर से शुरू की और बच्ची को मेडिकल-लीगल जांच के लिए भर्ती कराया। इधर, इस घटना पर राजनीति शुरू हो गई। भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं ने तारकेश्वर पुलिस स्टेशन के सामने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
‘भैया, क्या कर रहे हो…?’, महिला पैसेंजर के साथ रैपिडो बाइक टैक्सी चालक ने की बदसलूकी, गिरफ्तार
उन्होंने आरोप लगाया कि जब उसे पहली बार अस्पताल ले जाया गया था, तब “उसके प्राइवेट पार्ट पर चोटों के निशान” दिखाई देने के बावजूद अधिकारियों ने कार्रवाई में देरी की। हुगली (ग्रामीण) पुलिस ने कहा कि वह रविवार शाम 4 बजे मामले की जांच पर अपडेट देगी। जांच ने कुछ सवाल भी खड़े किए हैं।
परिवार का आरोप है कि बच्चा शनिवार सुबह 4 बजे लापता हुआ था और सुबह 11 बजे मिला। उनका दावा है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन शुरुआत में उनकी चिंताओं को नजरअंदाज कर दिया गया। विरोध प्रदर्शन के बाद ही पुलिस ने औपचारिक जांच शुरू की। हुगली पुलिस ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
