दिल्ली से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक शख्स एक्सीडेंट के बाद 20 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा मगर किसी ने उसकी मदद नहीं की। उसके दोस्त ने आरोप लगाया कि वह लगभग 20 तक सड़क पर खून से लथपथ तड़पता रहा मगर वहां मौजूद लोग उसका वीडियो बनाते रहे। इतना ही नहीं लोगों ने उसका मोबाइल और कैमरा भी चुरा लिया। लोगों ने उसे तड़पता हुआ छोड़ दिया। बाद में पुलिस वहां पहुंची और शख्स को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसने तड़प कर दम तोड़ दिया।
मृतक डॉक्यूमेंट्री फिल्में बनाता था
रिपोर्ट के अनुसार, शख्स की पहचान डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता पीयूष पाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली में एक ट्रैफिक सिग्नल पर एक 30 साल के शख्स की मोटरसाइकिल दूसरी बाइक से टकरा गई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा 28 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे हुआ था जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि फिल्म निर्माता अपनी बाइक से साथ पंचशील एन्क्लेव के पास लेन बदल रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जैसे ही टक्कर हुई फिल्म निर्माता की बाइक गिर जाती है और कुछ मीटर तक सड़क पर घिसटती रहती है।
कालकाजी में रहते थे मृतक
पुलिस ने कहा कि उन्होंने फिल्म निर्माता को खून से लथपथ पाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले गए। जहां बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक पाल गुरुग्राम में एक फ्रीलांस फिल्म निर्माता के रूप में काम करते थे। वे दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी में रहते थे।
हादसे के बाद फिल्म निर्माता के एक दोस्त ने दावा किया है कि अगर सड़क पर आने-जाने वालों से मदद मिलती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। उनके दोस्त ने आरोप लगाया कि कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। वह 20 मिनट से अधिक समय तक सड़क के किनारे खून से लथपथ पड़ा रहा। वहां मौजूद लोग उसकी तस्वीरें ले रहे थे। उसका मोबाइल फोन और गो-प्रो कैमरा भी चोरी हो गया।
मृतक के दोस्त ने मीडिया को बताया कि रात 10 बजे तक उसका मोबाइल बज रहा था लेकिन बाद में बंद हो गया। उसका एक गो-प्रो कैमरा भी गायब है। हम किसी से कोई मुआवजा नहीं चाहते हैं, हम केवल न्याय चाहते हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दूसरी बाइक सवार बंटी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई का जा रही है।