Shrikant Tyagi Noida Viral Video: यूपी के नोएडा की एक सोसायटी में महिला के साथ बदसलूकी और भद्दी गालियां देने वाले श्रीकांत त्यागी के ऊपर शिकंजा कसता जा रहा है। सोशल मीडिया पर खुद को भाजपा का नेता बताने वाले श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) से अब भाजपा ने भी किनारा कर लिया है। अब भाजपा नेता व सांसद महेश शर्मा ने भी कह दिया है कि त्यागी को 48 घंटे के अंदर अरेस्ट किया जाएगा।
श्रीकांत त्यागी की गाड़ियां जब्त, करीबी हिरासत में
सोसायटी में श्रीकांत त्यागी द्वारा गुंडई दिखाना और महिला के साथ बदसलूकी करना भारी पड़ गया। जिसके बाद से वह फरार है और उसकी तलाश में पुलिस उसके घर भी पहुंची। इस मामले में त्यागी की पत्नी और उसके 4 करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने त्यागी की 4 गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है।
ओमैक्स ग्रैंड सोसायटी पहुंचे BJP सांसद
इस घटना के बीच नोएडा से भाजपा सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा भी उसी सोसायटी में पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से बात की और उस महिला से भी बात की, जिसके साथ त्यागी ने रौब दिखाने की कोशिश की थी। पीड़ित महिला ने बताया, त्यागी कॉमन एरिया में अतिक्रमण कर रहे थे जिसके चलते मैं माली से बात कर रही थी। बस इतनी सी बात पर वह (त्यागी) गाली देने लगे।
48 घंटे में अरेस्ट होगा श्रीकांत त्यागी
महिला ने भाजपा सांसद व नेता महेश शर्मा से बात करते हुए मांग की कि श्रीकांत त्यागी को जेल भेजने के साथ इस अतिक्रमण को भी यहां से हटाया जाए। इस पर महेश शर्मा ने कहा कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि उसे (श्रीकांत त्यागी) गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमने पुलिस को उसे 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
महिला को त्यागी ने दी थी गालियां
आपको बता दें कि, नोएडा के सेक्टर 93 में स्थित ओमैक्स ग्रैंड सोसायटी में श्रीकांत त्यागी ने गुंडई दिखाते हुए एक महिला के साथ अभद्रता की थी और सरेआम गालियां दी थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भारी बवाल मच गया था और इस घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी यूपी के डीजीपी के जवाब-तलब किया है। श्रीकांत त्यागी पर सोसायटी के कॉमन एरिया पर अतिक्रमण करने का आरोप है।
