Muzaffarpur Groom Held Hostage: शादी में दहेज के लिए बवाल होना दुर्भाग्यवश आम बात हो गई है। कई बार दहेज के लिए शादियां टूट भी जाती हैं। हालांकि, इन मामलों में अक्सर देखा गया है कि दहेज को लेकर दूल्हा पक्ष के लोग हंगामा शुरू करते हैं और दुल्हन पक्ष के लोग उनके साथ हाथ जोड़ते दिखते हैं। हालांकि, बिहार के मुजफ्फरपुर में जो मामला सामने आया है, वो हैरान करने वाला है।
पैसों के लिए बंधक बनाकर रखा
जानकारी अनुसार बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दुल्हन के परिजनों ने दो लाख रुपये के लिए दूल्हा और उसके पिता को बंधक बना लिया। कथित तौर पर उन्हें पूरे तीन दिनों तक पैसों के लिए बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों को रिहा कराया गया। घटना जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के राजापाकड़ गांव की है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर के ही पियर थाना क्षेत्र के पीरापुर गांव के रहने वाले युवक की शादी राजापाकड़ गांव निवासी लड़की से तय हुई थी। 18 नवंबर को तय कार्यक्रम के तहत दूल्हा बारात लेकर लड़की के घर पहुंच गया। लड़की के घरवालों ने भी बारात का खूब स्वागत सत्कार किया।
सब कुछ सामान्य चल रहा रहा था। दोस्तों और रिश्तेदारों से घिरी दुल्हनिया स्टेज पर आई। जयमाला की रस्म अदा की गई। यहां तक तो सबकुछ ठीक था। लेकिन जब दूल्हा शादी की अन्य रस्मों के लिए मंडप की ओर बढ़ने लगा तो वधू पक्ष ने उसका रास्ता रोक दिया और कहा कि ये शादी नहीं हो सकती है।
लड़की वालों ने पैसे की मांग रख दी
जब इसका कारण पूछा गया तो लड़की वालों ने पैसे की मांग रख दी। उन्होंने वर पक्ष से शादी के लिए 2 लाख रुपये मांगे और पैसे ना मिलने की स्थिति में शादी नहीं करने की बात कही। यही नहीं पैसे नहीं मिलने पर उन्होंने दूल्हा और दूल्हे के पिता को तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा।
हालांकि, जब इस बात की जानकारी बरियापुर थाना को मिली तो वो मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजापाकड़ गांव में बंधक बनाए गए दूल्हा और उसके पिता को मुक्त कराया गया। फिर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर लड़का लड़की की मंदिर में शादी कराई। इस दौरान पुलिस और गांव के लोग मौजूद थे।