बिहार के मुजफ्फरपुर से अगवा बेटी का अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। यहां के एक घर में डकैती के बाद डकैत 17 साल की लड़की को घर से उठा ले गए थे। मंगलवार (08-09-2020) को चौथे दिन भी लड़की का कोई पता नहीं चल सका है। इस मामले में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि ‘पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।’

इधर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि पुलिस को लड़की के हरियाणा में होने की खबर मिली है। इस जानकारी के बाद पुलिस की एक विशेष टीम को लड़की की बरामदगी और किडनैपर्स को पकड़ने के लिए रवाना किया गया है। पुलिस को मोबाइल सर्विलांस और टावर लोकेशन से किडनैपर्स के बारे में कुछ जानकारियां मिली हैं। इस मामले में पुलिस ने एक ट्रक ड्राइवर और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।

आपको पूरी घटना के बारे में बता दें कि गुरुवार की रात शहर के सदर थाने के दीघरा रामपुर साह गांव में एक बिजनेसमैन के घर में करीब 7 डकैतों ने घुसकर डकैती की। डकैतों ने व्यवसायी और उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।

डकैत इस दौरान 4 लाख के जेवर, 47 हजार रुपए कैश और अन्य कीमती सामान अपने साथ ले गये। बड़ी बात यह है कि डकैती के बाद डकैत घर की बेटी को उठा कर ले गए। बताया जा रहा है कि डकैतों ने इस दौरान दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग भी की।

इस मामले में लड़की के परिजनों की तरफ से थाने में शिकायत भी कराई गई है। डकैती और घर की बेटी को अगवा किये जाने की घटना के बाद शुक्रवार को यहां स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। आक्रोशित लोगों ने अपराधियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर समस्तीपुर मार्ग पर हाईवे को जाम भी कर दिया था।

इधर इस पूरी घटना पर पूर्व मंत्री और भाजपा नेता डॉक्टर महाचंद्र प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खत लिखकर कारर्वाई की मांग की है। महिला आयोग ने भी जिले के एसएसपी से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। यहां की कुछ अन्य पार्टियों ने भी इस मामले में सरकार और प्रशासन से कार्रवाई कर लड़की की सकुशल बरामदगी की मांग की है।