Firing In India Lockdown: रविवार की रात देश ने दीया जलाकर कोरोना के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। लेकिन बिहार के भोजपुर जिले में दीया जलने के महज एक घंटे बाद बड़ी वारदात हुई। आरा के एक गांव में कुछ बदमाश रात के वक्त एक घऱ में घुस गए और 5 लोगों को गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद यहां हड़कंप मच गया है।

परिवार का आरोप है कि रात करीब 10 बजे कुछ बदमाश गंदी नीयत से घर में घुसे थे। इनलोगों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। घर के अन्य सदस्यों ने जब इनका विरोध किया तो इन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में घर के 5 लोगों को गोली लगी है। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि छेड़खानी का विरोध करने पर फायरिंग की घटना को अंजाम देकर यह सभी बदमाश वहां से भाग गए।

बाद में गोली लगने से घायल सभी लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालांकि इसके बाद उन्हें आरा सदर अस्पताल में भेज दिया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमलावर 4-5 की संख्या में थे।

लॉकडाउन में हुई इस फायरिंग की वारदात के बारे में सूचना मिलने पर प्रशासन के कान खड़े हो गए। आनन-फानन में पुलिस की टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंची। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि यह सभी बदमाश शराब लेने की नीयत से घर में घुसे थे। पुलिस ने बताया कि इस गोलीकांड का प्रमुख आरोपी रवि यादव होमगार्ड का जवान है और हत्या के एक मामले में पहले से ही फरार चल रहा है।

बहरहाल अब पुलिस सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में अभी लॉकडाउन लागू है।

प्रधानमंत्री की अपील पर रविवार को लोगों ने अपने घरों में दीया जलाकर कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अपनी एकजुटता दिखाई। रात 9 बजे 9 मिनट के लिए लोगों ने अपने घरों के सभी लाइटें बंद कर इस जंग में अपनी एकता दिखाई थी।

Coronavirus से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें: कोरोना वायरस से बचना है तो इन 5 फूड्स से तुरंत कर लें तौबा | जानिये- किसे मास्क लगाने की जरूरत नहीं और किसे लगाना ही चाहिए |इन तरीकों से संक्रमण से बचाएं | क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?