बेंगलुरु के मैसूर शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर 15 महिलाओं को धोखा देने का आरोप है। शख्स ने खुद को डॉक्टर-इंजीनियर बताकर इन महिलाओं से शादी की और फिर उन्हें चूना लगाया। इसके लिए आरोपी ने मैरिज वेबसाइट का सहारा लिया। वह महिलाओं से डॉक्टर या इंजीनियर बनकर मिलता था। इस तरह उसने कम से कम 15 महिलाओं के अपने झांसे में लिया और फिर उनसे शादी कर ली। इतना ही नहीं इन शादियों से उसके 4 बच्चे भी हैं। अधिकारियों का कहना है कि उसने 2014 से कम से कम 15 महिलाओं से शादी की है और उसके कम से कम चार बच्चे हैं।
आरोपी का नाम महेश केबी नायक है
दरअसल, आरोपी की पहचान बेंगलुरु के बनशंकरी के रहने वाले 35 साल के महेश केबी नायक के रूप में हुई है। मैसूर की एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से इस साल की शुरुआत में शादी की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जल्द ही उसका पता लगाने के लिए एक टीम बनाई और तुमकुरु से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पांचवी तक पढ़ा है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी सिर्फ 5वीं कक्षा तक पढ़ा है लेकिन वह खुद को डॉक्टर, इंजीनियर या सिविल कॉन्ट्रैक्टर बताता था। जिन महिलाओं से उसने शादी की है उनमें से चार के बच्चे भी हैं। आरोपी के खिलाफ एक अन्य महिला ने भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उसने भी महेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
खोला फर्जी क्लिनिक
पुलिस के अनुसार, नायक ने तुमकुरु में एक फर्जी क्लिनिक खोला और डॉक्टर होने के अपने दावे को साबित करने के लिए एक नर्स को नियुक्त किया। हालांकि अंग्रेजी में कमजोर होने कारण कई महिलाओं को उस पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया।
आरोपी की अधिकतर पत्नियां जॉब करती हैं
इस मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नायक ने क्लिनिक खोलने के लिए उससे पैसे मांगे और उसे परेशान किया। पीड़िता ने आगे कहा कि जब उसने इनकार कर दिया तो वह उसके गहने और नकदी लेकर भाग गया। दिलचस्प बात यह है कि नायक की अधिकतर पत्नियां आर्थिक रूप से इंडिपेंडेंट और कमाऊ हैं। वे शर्मिंदगी और सामाजिक कलंक के डर से शिकायत दर्ज करने से बचती थीं।
पिता ने दर्ज कराया हत्या के प्रयास का मामला
इस मामले में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला कि नायक के पिता ने भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। फिलहाल उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।