मुंबई के तारदेव से एक शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 40 साल की महिला के ऊपर 16 साल के लड़के का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। फिलहाल महिला पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित महिला का रिश्तेदार है और उसके घर में ही रहता था। वह कुछ महीने पहले ही यूपी से आया था। वह मूल रूप से यूपी का ही रहने वाला है।

पहले महिला ने दुष्कर्म का लगाया था आरोप

दरअसल, महिला ने पिछले महीने लड़के के ऊपर आपराधिक मामला दर्ज कराया था। महिला ने दावा किया था कि लड़के ने घर पर उसका यौन उत्पीड़न किया। उस समय महिला ने दावा किया था कि लड़के की उम्र 20 साल है। इसके बाद पुलिस ने लड़के को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि जांच में पता चला कि लड़के की उम्र 16 साल है औऱ वह नाबालिग है। इसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

पीड़ित की मां के मुंबई आने के बाद कहानी में नया मोड़

लड़के की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित की मां यूपी से मुंबई आई और आरोप लगाया कि महिला ने उसके बेटे का यौन उत्पीड़न किया है। इसके बाद लड़के की मां ने महिला पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आपराधिक मामला दर्ज कराया। बुधवार को ताड़देव थाने में पॉक्सो की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल आगे की कारर्वाई की जा रही है।

यूपी में चाचा ने नाबालिग के साथ किया दुष्कर्म

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उसके चाचा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि रसड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की किशोरी के साथ 29 नवंबर की रात उसके सगे चाचा ने दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर गुरुवार को आरोपी अखिलेश यादव (28) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे बलिया की एक अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।