किसी राष्ट्र के विकसित होने में उस देश के हर वर्ग का अपना-अपना महत्त्वपूर्ण योगदान होता है। फिर चाहे वह वर्ग उस देश का निवासी हो या उस राष्ट्र से बाहर रह रहा हो। हमारे देश में भी एक ऐसा ही वर्ग है जो आज भारत को विश्व पटल पर असरदार पहचान दिलाने में लगा हुआ है, जिनको हम भारतीय प्रवासी कहते हैं।

आज दुनिया भर में प्रवासी भारतीय निवास कर रहे हैं, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन जैसे प्रमुख राष्ट्र शामिल हैं। अगर अलग-अलग रिपोर्टों की मानें तो आज दुनिया भर में एक करोड़ से भी अधिक भारतीय निवास कर रहे हैं। प्रवासी भारतीयों का हमारे लिए पहला महत्त्व है कि प्रवासी भारतीय विदेशी मुद्रा देश में भेजकर इस भंडारण में सकारात्मक वृद्धि करते हैं जो किसी राष्ट्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार करने के लिए मजबूत बनाती है।

इससे भारत की ताकत लगातार मजबूत हो रही है, क्योंकि हम देख रहे हैं कि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, आयरलैंड जैसे देशों के कई ऊंचे पदों पर भारतीय पदस्थ हैं जो भारत की छवि को बेहतर करते हैं। इसके अलावा, नवाचार और संस्कृति का बखूबी आदान-प्रदान हुआ है। विश्व के अलग-अलग देशों में भारतीय त्योहारों को मनाए जाने की परंपरा हम अक्सर देखते रहते हैं।

यह प्रवासियों की ही देन है। इसके अतिरिक्त प्रवासियों ने राजनीति के बाहर भी झंडे गाड़े हैं। हालीवुड में भी भारतीय महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। भारत इन प्रवासियों के सहारे अंतरराष्ट्रीय शांति और अंतरराष्ट्रीय विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान दे पा रहा है। भारत दुनिया का दूसरा सर्वाधिक आबादी वाला देश है। इसी के साथ वह प्रवासियों का भी सर्वाधिक आबादी वाला देश है और यह भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनने में अहम भूमिका निभा सकता है।

सौरव बुंदेला, भोपाल, मप्र