आज अस्पतालों और मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात को प्रमाणित कर रही है। जरूरत इस बात की है कि लोग अपनी जीवनशैली को बदलें और स्वस्थ रहें, क्योंकि पहला सुख निरोगी काया है। मानसिक शांति उत्तम स्वास्थ्य की पहली शर्त है। हमें अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करने होंगे। तभी हम स्वस्थ रहेंगे और दवाओं से बचे रहेंगे।
साजिद अली, चंदन नगर, इंदौर

जोखिम की तकनीक

तकनीक किसी भी देश के विकास के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक तरफ तकनीक की वजह से किसी भी व्यक्ति के लिए एक जगह पर रह कर हजारों लोगों तक अपनी बात पहुंचाना आसान हो गया है, तो दूसरी तरफ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। आज तकनीकी की वजह से सभी चीजें एक पल में इंटरनेट पर उपलब्ध हो जाती हैं।

बस एक ‘क्लिक’ करके कोई भी व्यक्ति तकनीक का उपयोग करके हमारे निजी डेटा चुरा सकता है और बैंक खाते खाली कर सकता है। हाल ही में ऐसा ही कुछ दिल्ली के एम्स में भी हुआ था। आजकल हैकिंग, डेटा चोरी, आनलाइन ठगी जैसी बातें आम हो गई हैं। ये बहुत ही गंभीर मुद्दे हैं। अगर इस पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो इस तरह के मामले न जाने कितना व्यापक नुकसान पहुंचा देंगे।
प्रतीक्षा मौर्या, ईस्ट आफ कैलाश, दिल्ली