Who is Richest Cricketer in the World: भारत में क्रिकेट ना केवल एक खेल के तौर पर लोकप्रिय है बल्कि इसे बेस्ट करियर ऑप्शन में भी गिना जाता है। देश में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी नेशनल टीम कॉन्ट्रैक्ट, आईपीएल फ्रेंचाइजी और विज्ञापनों के जरिए बड़ी कमाई कर रहे हैं। जहां बहुत सारे क्रिकेटर मिडिल क्लास और लोअर-मिडिल क्लास फैमिली से आते हैं, जबकि कइयों के पास पहले से काफी पैसा होता है। लेकिन क्रिकेट में सफल होने के बाद सभी क्रिकेटर खूब पैसा बना लेते हैं। विराट कोहली, एमएस धोनी, सचिन तेंदुलकर कई ऐसे नाम हैं जिन्होंने क्रिकेट की पिच पर कामायाबी के साथ-साथ बड़ी धन-दौलत भी बना ली। लेकिन इनमें से कोई भी दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेटर नहीं है। जी हां, दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटर ने हाल ही में संन्यास का ऐलान किया है। हम बात कर रहे हैं आदित्य बिड़ला ग्रुप के वारिस आर्यमान बिड़ला (Aryaman Birla) की जिनकी नेट वर्थ करीब 70,000 करोड़ रुपये है।
अरबपति क्रिकेटर आर्यमान बिड़ला
आर्यमान बिड़ला, अरबपति भारतीय कारोबारी और देश की सबसे बड़े बिजनेस एम्पायर में से एक आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं। प्रोफेशनल क्रिकेट में बहुत सफल करियर ना होने के बावजूद, आर्यमान के पास अपने पारिवारिक बिजनेस एम्पायर की अकूत दौलत है। पारिवारिक विरासत और पैसे के चलते ही वह दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट खिलाड़ी हैं। उनकी नेट वर्थ देश के सबसे अमीर खिलाड़ियों में गिने जाने वाले विराट कोहली और एमएस धोनी से कई गुना ज्यादा है।
साल 2023 में आर्यमान ने आदित्य बिड़ला ग्रुप की आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (ABFRL) में बतौर डायरेक्टर काम शुरु किया। इसके अलावा, आर्यमान Aditya Birla Management Corporation और Grasim Industries में भी डायरेक्टर के पद पर हैं। पारिवारिक बिजनेस में आर्यमान की भूमिका काफी अहम है और उनकी नेट वर्थ का पूरा श्रेय फैमिली बिजनेस को जाता है। जानकारी के मुताबिक, आर्यमान बिड़ला की नेट वर्थ करीब 70,000 करोड़ रुपये है।
आर्यमान बिड़ला ने तय किया क्रिकेट से बिजनेस का सफर
मुंबई में पले-बढ़े आर्यमान बिड़ला ने शुरुआत से ही कारोबारी दुनिया को नजदीक से जाना और समझा है। हालांकि, बचपन से उनकी इच्छा क्रिकेट की दुनिया में खुद को एक बड़े नाम के तौर पर स्थापित करने की रही। क्रिकेट करियर बनाने के लिए आदित्य मध्य प्रदेश के रीवा में जा बसे जो आदित्य बिड़ला ग्रुप की सीमेंट डिवीजन का मुख्यालय है। यहां आर्यमान ने मध्य प्रदेश की जूनियर क्रिकेट सर्केट के जरिए राह बनाई और आखिरकार नवंबर 2017 में उन्हें रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए खेलने का मौका मिला।
हालांकि, आर्यमान का क्रिकेट डेब्यू बहुत यादगार नहीं था, लेकिन साल 2018 में ईडन गार्डन मैदान में उन्होंने बंगाल के खिलाफ मैच में अपना टैलेंट दिखाया और 189 गेंदों में 103 रन ठोंके। इसके बाद उनकी परफॉर्मेंस ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा और 2018 आईपीएल नीलामी में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने खरीद लिया। लेकिन टीम के लिए बिना कोई मैच खेले ही आर्यमान के दो साल निकल गए।
2019 में चोटिल होने के बाद आर्यमान ने क्रिकेट से ब्रेक लिया और अपनी मेंटल हेल्थ पर फोकस करने का फैसला लिया। और इसके बाद एक तरह से उनके क्रिकेट करियर का अंत हो गया क्योंकि इस ब्रेक के बाद वह फिर कभी मैदान पर नहीं लौटे और अपना ध्यान उन्होंने फैमिली बिजनेस पर देना शुरु कर दिया।
आर्यमान बिड़ला और दूसरे रईस खिलाड़ी
क्रिकेट की दुनिया में आर्यमान बिड़ली की नेट वर्थ सबसे ज्यादा है। लेकिन आपको बताते हैं शाही पृष्ठभूमि से आने वाले कुछ दूसरे क्रिकेटर्स के बारे में।
समरजीतसिंह रंजीतसिंह गायकवाड़ एक पूर्व क्रिकेटर हैं और उनका नाता भी राजशाही से है। जानकारी के मुताबिक, समरजीत सिंह की नेट वर्थ करीब 20,000 करोड़ रुपये है। उनकी दौलत की बात करें तो यह बिजनेस वेंचर्स और शाही परिवार के चलते है।
इसके अलावा एक और पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा का नाता भी शाही परिवार है। उनकी नेट वर्थ करीब 1450 करोड़ रुपये है। जडेजा की दौलत की बात करें तो इसमें क्रिकेट और बिजनेस दोनों का हिस्सा है।
लेकिन आर्यमान बिड़ला की 70,000 करोड़ रुपये के एम्पायर के चलते वही दुनिया के सबसे रईस क्रिकेटर हैं।
आर्यमान की दौलत में पिता कुमार मंगलम बिड़ला का सबसे बड़ा हाथ
आर्यमान बिड़ला के पिता कुमार मंगलम बिड़ला भारत के सबसे रईस शख्स में से एक हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरपर्सन, कुमार मंगलम बिड़ला ने ग्रुप को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आदित्य बिड़ला ग्रुप मेटल, सीमेंट, टेलिकम्युनिकेशंस और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे सेक्टर में कारोबार करता है। Forbes के मुताबिक, कुमार मंगलम बिड़ला फिलहाल भारत के सबसे आठवें रईस इंसान हैं और उनकी दौलत 24.8 बिलियन डॉलर (2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के चलते ही आर्यमान बिड़ला के पास हजारों करोड़ की नेट वर्थ है और वह छोटे से करियर में ही दुनिया के सबसे धनी क्रिकेटर बन सके हैं।
आर्यमान बिड़ला की कहानी, दूसरे क्रिकेटरों से अलग है। अधिकतर क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनी दौलत खेल के जरिए बनाई है जबकि आर्यमान को विरासत में ही हजारों करोड़ की संपत्ति मिली है। भले ही क्रिकेट करियर छोटा हो लेकिन कॉरपोरेट दुनिया में उनकी एंट्री के चलते वह दिग्गज कारोबारियों में शामिल हो चुके हैं और उनकी गिनती सबसे सफल क्रिकेटरों में होती है।