टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा मोटर्स देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी है। टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नई डिवीजन बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए टाटा मोटर्स को 1 अरब डॉलर करीब 75 हजार करोड़ रुपए की जरूरत है। कंपनी यह पैसा प्राइवेट इक्विटी फर्मों से जुटाएगी। इस मामले से वाकिफ सूत्रों के हवाले से लाइव मिंट की खबर में कहा गया है कि यह पैसा 7 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर जुटाया जाएगा।

टाटा मोटर्स लंबे समय से पैसेंजर व्हीकल कारोबार को अलग करने की योजना पर काम कर रही है। पैसेंजर व्हीकल कारोबार को अलग सब्सिडियरी के रूप में स्थापित करने के लिए इसी साल मार्च में शेयरहोल्डर्स ने भी मंजूरी दे दी थी। इसी पैसेंजर व्हीकल सब्सिडियरी को इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो भी दिया जाएगा। इसी के लिए यह प्रस्तावित फंड जुटाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, फंड जुटाने के लिए कई ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फंडों से संपर्क किया गया है। इसमें ब्लैकस्टोन ग्रुप, टीपीजी कैपिटल और केकेआर एंड कंपनी शामिल हैं। हालांकि, अभी प्रारंभिक स्तर पर ही बातचीत हो रही है। इसके अलावा टाटा मोटर्स ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक्स से बातचीत के लिए सलाहकार भी हायर कर रही है।

देश में तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं इलेक्ट्रिक व्हीकल: हाल के दिनों में देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं। इसका दो प्रमुख कारण हैं। पहला कारण यह है कि सरकार इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने वाले ग्राहकों को कई प्रकार के लाभ दे रही हैं। दूसरा प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए उत्सर्जन संबंधी कड़े नियम लागू किए जा रहे हैं। इसके अलावा निवेशक भी टाटा ग्रुप पर पर्यावरण के अनुकूल कारोबार का दबाव बना रहे हैं। इससे टाटा मोटर्स का फोकस इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर बढ़ा है।

अभी बाजार में टाटा मोटर्स के दो इलेक्ट्रिक व्हीकल: टाटा मोटर्स देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता कंपनी है। अभी टाटा मोटर्स के दो इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में मौजूद हैं। इसमें नेक्सन ईवी स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल (SUV) और टिगौर ईवी सेडान शामिल हैं। कंपनी हैचबैक कार अल्ट्रॉज का इलेक्ट्रिक वर्जन अगली कुछ तिमाही में लॉन्च करने की योजना बना रही है। टाटा की नेक्सन ईवी सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहन है। जून 2021 तक कर नेक्शन की 5,734 यूनिट की बिक्री हो चुकी है। टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने जून में कंपनी की एजीएम में इलेक्ट्रिक व्हीकल यूनिट के लिए फंड जुटाने की योजना की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने 2025 तक 10 इलेक्ट्रिक व्हीकल मॉडल लॉन्च करने की योजना की घोषणा की थी।

सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में उतरने की भी योजना बना रहा है टाटा ग्रुप: कोरोना महामारी के कारण वैश्विक स्तर पर चिप और सेमीकंडक्टर की किल्लत हो गई है। टाटा ग्रुप समेत कई घरेलू कंपनियां भी इस समस्या का सामना कर रही हैं। इसको देखते हुए टाटा ग्रुप चिप और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग सेगमेंट में उतरने की योजना बना रहा है। हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम में एन चंद्रशेखरन ने यह जानकारी दी थी।