देश की चौथी सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने करीब 21 साल बाद एक बड़ा फैसला लिया है और यह फैसला है कंपनी के लोगो में बदलाव का। महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी दी है।

दरअसल, कंपनी ने हाल ही में नया लोगो अपनाया है। 14 अगस्त को XUV700 एसयूवी की लॉन्चिंग के साथ यह लोगो वाहनों पर भी मिलना शुरू हो जाएगा। इस लोगो को महिंद्रा के ग्लोबल डिजाइन स्टूडियो में तैयार किया है। इसे प्रताप बोस की मदद से तैयार किया गया है। प्रताप बोस टाटा मोटर्स के पूर्व डिजाइन हेड हैं और उन्हें महिंद्रा ने हाल ही में हायर किया है।

पिछले बार 2000 में बदला था लोगो: महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपना लोगो पिछली बार 2000 में बदला था। 2002 में महिंद्रा की लोकप्रिय एसयूवी में शामिल स्कॉर्पियो की लॉन्चिंग के साथ नया लोगो वाहनों में दिखा था। तब से लेकर अभी तक सभी एसयूवी पर वही लोगो इस्तेमाल किया जा रहा था। इस लोगो को एक वीडियो फिल्म के जरिए लॉन्च किया गया है। महिंद्रा ऑटोमोटिव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यह वीडियो शेयर किया है।

आनंद महिंद्रा ने डीपी में लगाया नया लोगो: महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कंपनी के नए लोगो को अपने ट्विटर हैंडल पर डिस्प्ले पिक्चर (DP) में लगाया है। आनंद महिंद्रा ने नए लोगो की लॉन्चिंग के संबंध में एक फिल्म भी शेयर की है। इस फिल्म में लोगो को अलग-अलग स्थानों पर दर्शाया गया है। इसमें पहाड़, रेगिस्तान, बर्फ से ढका हिमालय से लेकर घने जंगल तक शामिल हैं।

नसीरुद्दीन शाह ने दी है आवाज: महिंद्रा के नए लोगो से जुड़ी फिल्म में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने अपनी आवाज दी है। एक सोशल मीडिया यूजर के सवाल पर खुद आनंद महिंद्रा ने इसकी पुष्टि की है। इस फिल्म में नसीरुद्दीन लोगो की खासियत के बारे में बता रहे हैं। इस फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने तैयार किया है।

14 अगस्त को लॉन्च होगी XUV700: महिंद्रा एंड महिंद्रा की बहुप्रतीक्षित एसयूवी XUV700 14 अगस्त को लॉन्च होगी। आनंद महिंद्रा ने एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। आनंद महिंद्रा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है,”ज्यादा इंतजार नहीं करना है।” इस वीडियो में XUV700 की झलक के साथ लॉन्चिंग की तारीख और समय की जानकारी दी गई है।

बिक्री के लिहाज से देश की पांच सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनियां: वाहनों की बिक्री के लिहाज से महिंद्रा एंड महिंद्रा वित्त वर्ष 2021 में देश की चौथी सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी रही है। घरेलू वाहन बाजार में महिंद्रा एंड महिंद्रा की हिस्सेदारी 14.66 फीसदी रही है। 21.60 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी के साथ मारुति सुजुकी टॉप पर रही है। 20.19 फीसदी हिस्सेदारी के साथ हुंडई मोटर्स दूसरे और 14.68 फीसदी हिस्सेदारी के साथ किआ मोटर्स तीसरे स्थान पर है। 8.15 फीसदी हिस्सेदारी के साथ टाटा मोटर्स पहले पांचवें स्थान पर रही है।