Dr Manmohan Singh Death: भारत में आर्थिक सुधारों के जनक रहे और पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कल (26 दिसंबर 2024) की रात दुनिया को अलविदा कह दिया। डॉक्टर सिंह ने 92 वर्ष की आयु में राजधानी दिल्ली में आखिरी सांस ली। भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया के पटल पर लाने में बड़ी भूमिका अदा करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री ने प्लानिंग कमीशन में कई पदों पर काम किया। वह भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी रहे। इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर के तौर पर भी उन्होंने कई बड़े फैसले किए। 2004 में पीएम का पद संभालने के बाद उनकी सरकार ने गरीबों को रोजगार देने के लिए ‘मनरेगा’ की शुरुआत की। हम आपको बता रहे हैं डॉक्टर मनमोहन सिंह से जुड़े कुछ दिलचस्प फैक्ट, जो जानना आपके लिए जरूरी हैं:
- डॉक्टर मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह में हुआ। यह जगह अब पाकिस्तान में है। विभाजन के बाद वह अपने परिवार के साथ भारत आ गए। मनमोहन सिंह ने बहुत कम उम्र में ही अपनी मां को खो दिया था और दादी ने उनका पालन-पोषण किया।
- जब वह स्कूल में थे तो उनके गांव में बिजली नहीं थी और वह मिट्टी के तेल से जलने वाली लैंप में पढ़ाई किया करते थे।
- मनमोहन सिंह ने अमृतसर के हिंदू कॉलेज से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने बैचलर्स और मास्टर्स की डिग्री पंजाब यूनिवर्सिटी से ली।
- पूर्व पीएम ने प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक ट्रिपोस की डिग्री ली और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से DPhil किया।
- डॉक्टर मनमोहन सिंह ने 1966 से 1969 के बीच यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस ऑन ट्रेड एंड डिवेलपमेंट (UNCTAD) के लिए काम किया।
- मनमोहन सिंह ने विदेश व्यापार मंत्रालय के सलाहकार के तौर पर काम किया। उनकी नियुक्ति ललित नारायण मिश्रा ने की थी।
- 1972 में मनमोहन सिंह को वित्त मंत्रालय का मुख्य सलाहकार नियुक्त कया गया और 1976 में वह वित्त मंत्रालय में सचिव बने।
- 1982 में मनमोहन सिंह को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का गवर्नर बनाया गया।
- साल 1986 से 1987 तक वह योजना आयोग (Planning Commission) के डेप्युटी चेयरमैन रहे।
- साल 1991 में उन्हें यूनिवर्सिटी ग्रांटस कमीशन (UGC) का चेयरमैन नियुक्त किया गया।
- जून 1991 में पी वी नरसिम्हा राव की कैबिनेट में उन्हें वित्त मंत्री का पद दिया गया।
- मनमोहन सिंह की गिनती उन चुनिंदा लोगों में होती है जिन्होंने भारत के आर्थिक उदारीकरण में अहम भूमिका निभाई।
- साल 1991 में मनमोहन सिंह को राज्य सभा का सदस्य चुना गया। और इसके बाद 1995, 2001, 2007 और 2013 में भी वह राज्यसभा से सांसद रहे।
- 22 मई 2004 को मनमोहन सिंह भारत के 14वें प्रधानमंत्री बने।
- 1987 में मनमोहन सिंह को पद्म विभूषण अवार्ड से नवाजा गया।
- 1987 में मनमोहन सिंह को पद्म विभूषण अवार्ड से नवाजा गया
- 2002 में डॉक्टर सिंह को आउटस्टैंडिंग पार्लियामेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया।
- 2005 में TIME मैगजीन ने मनमोहन सिंह को दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया और उन्होंने ‘Top 100 Influential People in the World’ लिस्ट में अपनी जगह बनाई।