Dimple Yadav Net Worth: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी डिंपल यादव ने मंगलवार (16 अप्रैल 2024) को नामांकन दाखिल कर दिया। इससे पहले डिंपल ने 2022 में मैनपुरी से उपचुनाव लड़ा था और विजयी रही थीं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्यौरा भी दिया। इसके मुताबिक, डिंपल यादव की संपत्ति में पिछले दो साल में मामूली इजाफा हुआ है। 2022 में उनकी संपत्ति करीब 14 करोड़ रुपये थी।
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, डिंपल यादव के पास 10.44 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति और 5.10 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके पति अखिलेश यादव और डिंपल की कुल अचल संपत्ति 27.66 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
डिंपल यादव के पास नहीं है कोई कार
जानकारी के अनुसार सपा उम्मीदवार डिंपल यादव के पास 15 करोड़ से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति है। उनके पास 59.76 लाख रुपये से ज्यादा के गहने हैं। दो साल पहले जमा किए गए चुनावी हलफनामे में भी इतनी कीमत के गहने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा डिंपल यादव के पास अपना कोई वाहन नहीं है। जैसा कि हमने बताया कि उनके पति अखिलेश यादव के पास करीब 25 करोड़ रुपये की कुल धन-दौलत है।
डिंपल यादव ने बीकॉम की डिग्री ली है। उनके पास कुल 5.72 लाख रुपये कैश हैं। वहीं पति अखिलेश यादव के पास 25 लाख रुपये से ज्यादा कैश है। 46 साल की डिंपल पर कोई भी मुकदमा नहीं है।
हलफनामे में जानकारी दी गई है कि डिंपल यादव के पास 1.25 लाख रुपये की कीमत वाला एक कंप्यूटर है। वहीं उनके पति अखिलेश यादव के पास 76 हजार से ज्यादा का मोबाइल फोन, 5.34 लाख रुपये से ज्यादा की एक्सरसाइज मशीन और 1.6 लाख रुपये से अधिक की क्रॉकरी है।
डिंपल यादव पर है लाखों का कर्ज
जी हां, चुनावी हलफनामे के अनुसार, डिंपल यादव पर 74 लाख रुपये से ज्यााद की देनदारी है। वहीं उनके पति और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर करीब 25 लाख रुपये कर्ज है। दोनों ने LIC, जनरल इंश्योरेंस आदि में भी पैसा लगाया हुआ है।
इसके अलावा डिंपल और अखिलेश की बेटी अदिति के पास भी लाखों रुपये की संपत्ति है। लंदन में उनका बैंक अकाउंट भी है। अदिति के बैंक अकाउंट में कई लाख रुपये जमा हैं। वहीं बाकी दोनों बच्चे अर्जुन यादव और टीना पर कोई संपत्ति व नकद धनराशि नहीं होने की जानकारी दी गई है।