अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून से ठीक एक महीने पहले मंगलवार 21 मई को दोपहर 3 बजे एक बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 के 30 दिन की उल्टी गिनती है। कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, गौतमपुरी, सरिता विहार, मथुरा रोड, नई दिल्ली में होगा। इस वर्ष के कार्यक्रम का थीम ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ है।
कार्यक्रम में वाई-ब्रेक, योग फ्यूजन और पुस्तक विमोचन भी होगा
कार्यक्रम की शुरुआत एआईआईए की निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) तनुजा नेसारी के प्रेरक संबोधन से होगी। मुख्य अतिथि प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता बीके शिवानी होंगी। कार्यक्रम में वाई-ब्रेक, योग फ्यूजन और पुस्तक विमोचन जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लेकर वृद्धाश्रम तक किए जा रहे हैं आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 पर एआईआईए कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है। इनमें दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर आयुर-योग का प्रचार, उत्तर-पूर्व भारत में आईटीबीपी अधिकारियों और आयुष संस्थानों के साथ सहयोग, स्वास्थ्य शिविर और स्वास्थ्य किटों का वितरण, तथा वृद्धाश्रमों और एआईआईए के अस्पताल ब्लॉक में योग जागरूकता अभियान शामिल हैं।
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना 17 अक्टूबर 2017 को आयुर्वेद, प्राचीन भारतीय चिकित्सा प्रणाली के ज्ञान और अभ्यास के प्रचार और उन्नति के लिए की गई थी। पिछले छह वर्षों में संस्थान ने न केवल आयुर्वेद के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है, बल्कि वैश्विक स्तर पर आयुर्वेदिक शिक्षा और अनुसंधान का एक प्रमुख केंद्र भी बन गया है। एआईआईए आयुष मंत्रालय के तहत एनएएसी द्वारा ए++ ग्रेड से मान्यता प्राप्त करने वाला पहला संस्थान है।
पीआरओ एआईआईए सिद्दार्थ झा ने बताया कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आयुर्वेद के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान है, जो उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित है। एआईआईए गोवा परिसर सभी क्षेत्रों में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य देखभाल के विस्तार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।