प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली से बाहर जाने और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ओर से सदन में अभद्र भाषा इस्तेमाल किए जाने की कड़ी निंदा की है। उपाध्याय ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सिसोदिया के इस बयान कि दिल्ली सरकार जनता के हितों के लिए लड़ रही है और उनके लिए काम कर रही है, से बड़ा झूठ कोई हो नहीं सकता, खासकर तब जब मुख्यमंत्री केजरीवाल खुद विधानसभा सत्र से लापता हैं।
उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा सत्र का समय काफी पहले खुद सरकार तय करवाती है और ऐसे में पूर्व जानकारी के बावजूद मुख्यमंत्री केजरीवाल का सदन की कार्यवाही छोड़ कर राजनीतिक गतिविधियों के लिए दिल्ली के बाहर जाना संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति उनके असम्मान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को दिल्ली की जनता की कोई फिक्र नहीं है। वे सिर्फ जनता से मिले बहुमत और उनसे मिली सरकारी सुविधाओं का इस्तेमाल देशभर में अपने राजनीतिक विकास के लिए करने में व्यस्त हैं।