कोरोना वायरस के चलते बने हालात को देखते रेलवे ने यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं पर रोक लगा दी थी। हालांकि अब धीरे-धीरे कई सेवाओं को दोबारा शुरू किया जा रहा है। बता दें कि रेल यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए अब पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल और दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों में रेडी-टू-ईट के साथ पके हुए भोजन के साथ खानपान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं।
बता दें कि भोजन की प्री-बुकिंग की सुविधा को पश्चिम रेलवे की दो और प्रीमियम ट्रेनों में फिर से शुरू किया जा रहा है। इसमें ट्रेन नंबर 12951/52 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल राजधानी एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 12953/54 मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल अगस्त क्रांति एक्सप्रेस है।
कहां बुक कर सकते हैं भोजन: बता दें कि 6 जनवरी को ट्रेन नंबर 12951/12953 में और 12952/54 में 7 जनवरी से खानपान सेवाओं को फिर से शुरू किया जायेगा। यात्री टिकट बुकिंग के दौरान या यात्रा से पहले IRCTC की वेबसाइट https://www.irctctourism.com/BookFood पर जाकर अपना भोजना बुक कर सकते हैं। यह ट्रेनों की चार्टिंग से पहले (ट्रेन के छूटने से 4 घंटे पहले) बुक किया जा सकता है।
इसमें यात्रियों को भोजन कैंसिल करने की भी सुविधा मिलती है। इसके लिए यात्री को यात्रा प्रारंभ होने से 4 घंटे पहले ही कैंसल करना होगा। पीआरएस काउंटर टिकट वाले यात्री भी बताये गए लिंक का उपयोग करके अपना खाना बुक कर सकते हैं। यात्रियों को पोर्टल में पीएनआर इनपुट करना होगा और वेज/ नॉनवेज का विकल्प चुनकर ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
वहीं अगर यात्री ने ऑनलाइन भोजन बुक नहीं किया है तो सफर के दौरान खानपान सेवा लेने पर उपलब्धता के अनुसार ही उन्हें भोजन मिलेगा। इसके अलावा भोजन के शुल्क के अलावा यात्री को प्रति भोजन 50 रुपये अलग से भुगतान करना होगा।
फिर बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले: बता दें कि यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब मुंबई और दिल्ली में सबसे अधिक कोरोना के मामले देखे जा रहे हैं। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3671 नए मरीज मिले हैं तो वहीं दिल्ली में गुरुवार शाम तक सबसे अधिक(8 महीने बाद) 1313 केस दर्ज किए गए।