LIC ने आम लोगों के लिए सस्ती बीमा योजना शुरू की है। इसका नाम LIC आम आदमी बीमा योजना है। इसके लिए बीमाकर्ता की उम्र 18 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अमूमन उसको घर का मुखिया होना चाहिए या ऐसा कोई हो जो अकेला कमाने वाला इंसान हो और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहा हो। या फिर ऐसा हो जो मान्य व्यावसायिक समूह/ ग्रामीण भूमिहीन घर के तहत गरीबी रेखा से थोड़ा ऊपर होना चाहिए।

इसके लिए नोडल एजेंसी बनाई गई है। नोडल एजेंसी केंद्रीय मंत्रालय विभाग/ राज्य सरकार / भारत के केंद्र शासित प्रदेश / किसी अन्य संस्थागत व्यवस्था / किसी पंजीकृत गैर सरकारी संगठन द्वारा नियमानुसार योजना को संचालित करने के लिए नियुक्त किया जाएगा। “ग्रामीण भूमिहीन परिवारों” के मामले में नोडल एजेंसी राज्य सरकार / केंद्र शासित प्रदेश को योजना को संचालित करने के लिए नियुक्त करना होगा।

उम्र प्रमाण के लिए सदस्य को राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल सर्टिफिकेट, वोटर आईडी कार्ड, मान्य नियोक्ता/ सरकारी विभाग से जारी आई कार्ड, आधार कार्ड आदि पेश करना होगा। उसे साबित करना होगा कि उसकी उम्र 18 से 59 वर्ष के बीच ही है। दरअसल यह योजना गरीब लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बनाई गई है। योजना से उनको आर्थिक सुविधाएं मिलेंगी।

शुरू में इस योजना के तहत LIC 30,000 के कवर के लिए प्रीमियम 200 रुपए प्रति सदस्य प्रति वर्ष लेगी। इसमें से 50% सामाजिक सुरक्षा कोष से सब्सिडी प्राप्त होगी। ग्रामीण भूमिहीन घरेलू (आरएलएच) के शेष 50% प्रीमियम का वहन राज्य सरकार / केंद्र शासित प्रदेश द्वारा किया जाएगा और अन्य व्यावसायिक समूह के मामले में शेष 50% प्रीमियम नोडल एजेंसी / या राज्य सरकार / केंद्र शासित प्रदेश द्वारा वहन किया जाएगा।