इंडियन रेलवे ने वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के टाइमिंग में 5 नवंबर, 2022 से संशोधन करने का ऐलान किया है। रेलवे की ओर से मुंबई से गांधीनगर कैपिटल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के टाइमिंग में बदलाव किया जाएगा। इसे 1 अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाने के एक दिन बाद को शुरु किया गया था।
वेस्टर्न रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर सुमित ठाकुर की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, ट्रेन नंबर 20901 मुंबई सेंट्रल- गांधीनगर कैपिटेल वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस वापी स्टेशन पर 8.0 बजे पहुंचेगी, जबकि वहां से 8.02 बजे रवाना होगी। वहीं इससे पहले यह 8.04 बजे पहुंचकर, 8.06 बजे रवाना होती थी। इसके अलावा सूरत स्टेशन से 09.00 बजे आने और 09.03 बजे जाने के बजाय 08.55 और 08.58 बजे रवाना होगी।
इसी तरह, वापसी के दौरान ट्रेन संख्या 20902 गांधीनगर कैपिटल से मुंबई सेंट्रल के बीच वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस वडौदा स्टेशन पर 15.53 पर पहुंचेगी और 15.56 बजे रवाना होगी। इससे पहले यह ट्रेन 15.50 बजे और 15.55 बजे आती और जाती थी। वहीं वापी स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 18.38 की जगह 18.13 बजे आएगी और 18.40 की जगह 18.15 बजे रवाना हो जाएगी।
20 मिनट तक ट्रेनों के टाइमिंग में बदलाव
इस रूट पर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन बाकी स्टेशनों पर पहले वाले समय के अनुसार ही चलेगी। गौर करने वाली बात है कि रेलवे की ओर से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के टाइमिंग में 20 मिनट तक बदलाव किया गया है।
एक माह में तीन बार वंदे भारत ट्रेन से पशुओं की टक्कर
गौरतलब है कि वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के लॉन्च होने के कुछ दिन बाद ही पशु से टकराने की खबर आई थी, जिसके बाद इसके आगे का एक हिस्सा खुल गया था। वंदे भारत इस रूट पर एक महीने के दौरान तीन बार पशु से टकराकर डैमेज हो चुका है। पहली घटना गुजरात में 6 अक्टूबर को वात्वा और मानिनगर स्टेशन के बीच एक भैंस के टकराने की हुई थी। वहीं दूसरी घटना 7 अक्टूबर और तीसरी घटना 29 अक्टूबर को हुई थी।