केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार (4 अक्टूबर, 2022) को दावा करते हुए कहा कि एडवांस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अधिकतम 200kmph के रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है। यह बातें उन्होंने औरंगाबाद में चैंबर ऑफ मराठवाड़ा इंस्टीट्यूट और एग्रीकल्चर की ओर से आयोजित इवेंट डेस्टिनेशन मराठवाड़ा में कहीं। वहीं मुंबई-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा के समय में संशोधन किया गया है।
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के एडवांस वर्जन के लिए मध्य महाराष्ट्र के लातूर में मराठवाड़ा रेल कोच फैक्ट्री की ओर से करीब 1,600 डिब्बों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें से हर एक कोच की लागत करीब 8 करोड़ से 9 करोड़ रुपये होगी। मंत्री ने जानकारी दी कि नेक्स वर्जन वंदे भारत ट्रेन का कोच मराठवाड़ा में बनाया जाएगा।
यह परियोजना 400 किमी से 500 किमी के दायरे में स्थित कंपनियों के लिए अवसर पैदा करेगी। वैष्णव ने आगे कहा कि 180 kmph की तुलना में एडवांस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार 200 kmph अधिकतम होगी। साथ ही इस एडवांस वर्जन के कोचों की पहली खेप 15 से 16 महीने में तैयार कर दी जाएगी।
सेमी हाईस्पीड ट्रेन के चुनौतियों के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि इसके वाइस लेवल को 60 से 65 डिसेबल तक लाने में सफल रहे हैं, जो एक एयरक्राफ्ट के 85-90 डिसेबल से कम है।
हर दिन 12 किमी प्रति दिन बिछाई जा रही पटरियां
रेल मंत्री ने आगे कहा कि 2014 के बाद से रेल पटरियों को बिछाने की गति बढ़ गई है। यह 12 किमी प्रति दिन हो चुकी है, जो पहले 4 किमी प्रति दिन थी। हालांकि सरकार इस गति को 20 किमी प्रति दिन तक बढ़ाने का काम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद को 31 मार्च, 2023 से पहले 5G इंटरनेट की सुविधा मिल जाएगी। वैष्णव ने कहा कि औरंगाबाद औद्योगिक शहर (AURIC) को रेल मंत्रालय द्वारा एक निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया जाएगा।
मुंबई-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा के समय में संशोधन
भारतीय रेलवे के पश्चिमी रेलवे (डब्ल्यूआर) ज़ोन ने आज से नई शुरू की गई वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रा समय को और कम कर दिया है। पश्चिम रेलवे द्वारा जारी एक ज्ञापन के अनुसार, वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुंबई सेंट्रल से गांधीनगर की दूरी तय करने में पांच मिनट कम समय लेगी और यह गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल पर 20 मिनट पहले पहुंचेगी।