उत्तराखंड को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिल गयी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (25 मई) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देहरादून से दिल्ली के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। यह ट्रेन उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस महज साढ़े 4 घंटे में देहरादून से यात्रियों को दिल्ली पहुंचा देगी।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दिल्ली और देहरादून के बीच ये चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश की राजधानी को और तेज गति से जोड़ेगी। इस ट्रेन से दिल्ली और देहरादून के बीच रेल सफर में अब समय काफी कम हो जाएगा। ट्रेन में जो सुविधाएं हैं वो इस सफर को आनंद दायक बनाने वाली है।”
वंदे भारत ट्रेन की टाइमिंग
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक हफ्ते में 6 दिन चलेगी। बुधवार के दिन ट्रेन नहीं चलेगी। वंदे भारत ट्रेन देहरादून से सुबह 7 बजे चलेगी और 11.45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5.50 बजे आनंद विहार से चलेगी और रात 10.35 बजे देहरादून पहुंचेगी। दिल्ली-देहरादून के बीच की 314 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन महज 4 घंटे 45 मिनट में तय करेगी। यह उत्तराखंड की पहली, दिल्ली की छठी और देश की 17वीं वंदे भारत ट्रेन होगी।
देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस स्टॉपेज
रेल मंत्रालय के मुताबिक देहरादून-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का रेगुलर रन 29 मई 2023 से होगा। 25 मई को यह ट्रेन देहरादून से दिल्ली के लिए चलेगी। देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 5 स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।
वंदे भारत किराया और स्पीड
देहरादून-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के किराए के बारे में अब तक स्थिति साफ नहीं है। ये ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है। वंदे भारत ट्रेन में 8 कोच होंगे। इसमें एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार होंगे।
वंदे भारत एक्सप्रेस की खासियत
गौरतलब है कि वंदे भारत एक्सप्रेस भारत में निर्मित एक हाई स्पीड ट्रेन है। यह देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जिसकी अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर/घंटा है। यह ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और मैन्युफैक्चर की गई है, जिसमें 80 प्रतिशत उत्पादों को स्वदेशी बनाया गया है। यह ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें जीपीएस आधारित सूचना सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम आधारित बायो टॉयलेट, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर और हर कोच में चार आपातकालीन पुश बटन हैं।