Coronavirus: चीन में फैले कोरोना वायरस का प्रकोप अब अलग-अलग देशों में भी देखने को मिल रहा है। अब तक 40 देशों में इसके संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं। भारत भी इससे अछूता नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में अभी तक कोरोना वायरस के कुल छह मामलों की पुष्टि हुई है। चीन में अबतक इससे 3 हजार लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग इसकी चपेट में हैं।
वहीं भारतीय नागर विमानन सचिव और एएआई प्रमुख ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने की तैयारियों को लेकर सभी हवाईअड्डों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों पर स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन और सरकारी अधिकारियों की तत्काल बैठक बुलाई। वगीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने भी इसपर उच्चस्तरीय बैठक की है।
कोरोना वायरस को लेकर हम सभी के मन में कई सवाल है। मसलन यह किस वजह से एक देश से दूसरे देश में फैल रहा है। आखिर इससे बचाव के क्या तरीके हैं? आइए इससे जुड़े सवालों को 10 प्वॉइंट में जानते हैं:-
1. कोरोना वायरस क्या है: यह एक अलग-अलग वायरसों का एक परिवार है जिसका मुख्य स्रोत जानवर और मनुष्य है। इसका संक्रमण का सबसे आम लक्षण बुखार है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस को आधिकारिक तौर पर ‘कोविड-19’ नाम दिया है। डब्लूएचओ का कहना है कि इस वायरस का प्रकोप पहली बार देखा जा रहा है।
2. ‘कोविड-19’ क्या है: ‘कोविड-19’ हाल ही में खोजे गए कोरोनावायरस के कारण होने वाला संक्रामक रोग है। यह नया वायरस और बीमारी दिसंबर 2019 में चीन के वुहान में फैलना शुरू हुई।
3. क्या है इसके लक्षण: डब्लूएचओ के मुताबिक अन्य लक्षणों में थकान, सूखी खांसी, मांसपेशियों में दर्द, सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं। इसका संक्रमण का सबसे आम लक्षण बुखार है।
4. कैसै फैलता है: यह बीमारी नाक या मुंह के जरिए एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकती है। ‘कोविड-19’ से पीड़ित शख्स जब खांसता या सांस लेता है तो उस वक्त इसके फैलने की सबसे ज्यादा संभवाना होती है। डब्लूएचओ के मुताबिक यही वजह है कि बीमार रहने वाले व्यक्ति से 1 मीटर (3 फीट) से अधिक रहना महत्वपूर्ण है।
5. कैसे बच सकते है: अपने हाथों को साफ रखें और साफ पानी से धोएं। इसके लिए आप साबून और हैंड वॉश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपके हाथ में मौजूद बैक्टेरिया मर जाते हैं। किसी भी शख्स से तीन फीट की दूरी बनाए रखें। हाथ, मुंह और नाक को छूने से बचें। ईरान या चीन से आए लोगों के संपर्क में आने से एहतियात बरतें। वे लोग आने के बाद अगर जांच करवा चुके हों तभी उनके संपर्क में आएं।
6. मास्क का प्रयोग: यह घातक वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है इसलिए जरूरी न हो तो भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाना कुछ समय के लिए बंद कर दें। लोगों से मिलने पर हाथ न मिलाएं और मास्क पहन कर ही बाहर निकलें। इस वायरस से बचाव में नॉर्मल मास्क बेअसर होता है, इसलिए मल्टी लेयर मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे में कोशिश करनी चाहिए कि वही मास्क खरीदें जो धूल, मिट्टी, बदबू और बैक्टीरिया से बचाने में सक्षम हो। एंटी डस्ट और एंटी पॉल्यूशन मास्क में आपको कई विकल्प मिल जाएंगे जो आपको कई तरह की परेशानियों से बचा सकते हैं।
7. ये न करें: धूम्रपान, पारंपरिक हर्बल उपचार लेना, कई मास्क पहनना और एंटीबायोटिक्स जैसी दवाएं लेना।
8. क्या एंटीबायोटिक्स कारगार हैं: एंटीबायोटिक्स वायरस के खिलाफ काम नहीं करते हैं, वे केवल बैक्टीरिया के संक्रमण पर काम करते हैं। COVID-19 वायरस के कारण होता है, इसलिए इसकी रोकथाम के लिए एंटीबायोटिक्स काम नहीं करते हैं।
9. वायरस से चिंतित होने की जरूरत नहीं, सावधानी जरूरी: अगर आप ऐसे इलाके में है जहां कोरोना वायरस का फिलहाल कोई प्रभाव नहीं है तो आपको बेवजह की चिंता या टेंशन नहीं लेनी चाहिए।
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक यह लाजिमी है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में इसके रोज नए मामले को देखने को मिल रहे हैं जिसकी वजह से आपका चिंतित होना स्वाभाविक है। लेकिन चिंता करने से बेहतर है कि आप आप डॉक्टर, अपनी कंपनी जिसमें आप काम करते हैं आदि से इसकी रोकथाम के बारे में जानकारी हासिल करें।
10. क्या हवा से फैल रहा कोरोना वायरस: डब्ल्यूएचओ के मुताबिक अबतक की रिसर्च में यह सामने आया है कि यह वायरस हवा से नहीं बल्कि सांस लेने/छोड़ने और खांसने की वजह से फैल रहा है।