Budget 2022 Date and Time When, Where, and How to Watch in Hindi: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2022 (मंगलवार) को देश का बजट पेश करेंगी। यह बजट प्रस्ताव वित्त वर्ष 2022-23 के लिए रहेगा। यह लगातार चौथा मौका होगा, जब वह बजट पेश करेंगी। चूंकि, यह कोरोना काल है, इसलिए इस बार भी बजट कागजरहित यानी पेपरलेस होगा। बता दें कि कोविड-19 महामारी आने के बाद साल 2021-22 का बजट भी कागज-रहित पेश किया गया था।
बहरहाल, आम बजट सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन में पेश किया जाएगा। इस बार का बजट भाषण 90 से 120 मिनट तक का हो सकती है। इससे पहले, साल 2020 में वित्त मंत्री ने अपने देश के इतिहास का सबसे लंबा बजट भाषण दिया था, जो कि लगभग 160 मिनट तक चला था।
बजट 2022 का लाइव प्रसारण संसद टीवी (लोकसभा टीवी+राज्यसभा टीवी को मिलाकर बना) पर किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान आप बजट से जुड़े सभी बड़े, अहम और ताजा अपडेट्स हमारी वेबसाइट jansatta.com पर पा सकेंगे। इस दौरान ये सभी जानकारियां आपको हमारे सोशल मीडिया हैंडल्स (फेसबुक, टि्वटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम और यूट्यूब आदि) पर पा सकेंगे।
अंग्रेजी में इन अपडेट्स को आप हमारी सहयोगी वेबसाइट्स “दि इंडियन एक्सप्रेस” और “फाइनैंशियल एक्सप्रेस” पर पा सकेंगे। यही नहीं, बजट अभिभाषण का प्रसारण आप सभी प्रमुख हिंदी, अंग्रेजी और बिजनेस चैनलों पर भी देख और सुन सकेंगे।
इतना ही नहीं, आप बजट से जुड़े सारे अपडेट्स एक खास ऐप पर भी पढ़ और देख सकेंगे, जिसे पिछले साल ही वित्त मंत्री ने लॉन्च किया था। इस मोबाइल ऐप का नाम- यूनियन बजट ऐप (Union Budget App) है। यह अंग्रेजी और हिंदी में आपको जानकारी मुहैया कराएगा, जबकि यह एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लैटफॉर्म्स पर मौजूद है। इस पर पूरा बजट भाषण, उसके हाइलाइट्स और अहम अपडेट्स मिलेंगे और उन्हें पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड भी किया जा सकेगा।
वैसे, बजट आने से पहले पहले संसद का बजट सत्र शुरू होता है। इस बार इसका पहला हिस्सा 31 जनवरी से 11 फरवरी, 2022 तक चलेगी। वहीं, दूसरा हिस्सा 14 मार्च से आठ अप्रैल, 2022 के बीच रहेगा।
आम बजट से जुड़ी ये बातें जानते हैं आप?:
- देश का पहला बजट सात अप्रैल, 1860 को पेश हुआ। ईस्ट इंडिया कंपनी से जुड़े स्कॉटिश अर्थशास्त्री और नेता जेम्स विल्सन ने ब्रिटिश साम्राज्ञी के सामने इसे रखा था।
- आजाद भारत का पहला बजट 26 नवंबर,1947 को पेश किया गया। तत्कालीन वित्त मंत्री आर के षण्मुखम चेट्टी ने इसे पेश किया था।
- सबसे छोटा बजट भाषण तत्कालीन वित्त मंत्री हीरुभाई मुलजीभाई पटेल के समय था। 1977 में उन्होंने सिर्फ 800 शब्दों वाला बजट भाषण दिया था।
- सबसे ज्यादा बजट भाषणः यह रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम है। उन्होंने 1962-69 के बीच वित्त मंत्री रहते हुए सर्वाधिक 10 बार बजट पेश किया। इसके बाद पी चिदंबरम (नौ), प्रणव मुखर्जी (आठ), यशवंत सिन्हा (आठ) और मनमोहन सिंह (छह) आते हैं।
- साल 1955 तक बजट सिर्फ अंग्रेजी में ही पेश किया जाता था, पर कांग्रेस सरकार ने इसे अंग्रेजी और हिंदी दोनों में ही पेश करना शुरू कर दिया था।
- निर्मला सीतारमण 2019 में बजट पेश करते समय ऐसा करने वालीं दूसरी महिला बनीं। उनके पहले इंदिरा गांधी ने 1970 में वित्त मंत्री के तौर पर बजट पेश किया था।
- साल 2017 तक रेल बजट और आम बजट अलग-अलग पेश किए जाते थे। लेकिन 2017 में रेल बजट को आम बजट में ही समाहित कर दिया गया और अब सिर्फ एक बजट ही पेश किया जाता है।