प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज पूछताछ की है। ईडी द्वारा की गई पूछताछ पर विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने ED पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट के जरिए लिखा कि ED को पूछताछ के लिए सोनिया गांधी के घर जाना था। उनके इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के रिएक्शन दे रहे।
यशवंत सिन्हा ने किया ऐसा ट्वीट :
यशवंत सिन्हा ने ED पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह एजेंसी नेताओं को अपमानित करने का काम कर रही है। ईडी को सवाल जवाब करने के लिए सोनिया गांधी के घर जाना चाहिए था। उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘जिन लोगों को नहीं पता उन्हें बताना चाहता हूं कि साल 1995 में हवाला मामले में सीबीआई ने नामजद लोगों के घर जाकर पूछताछ की थी।’
मिले ऐसे रिएक्शन
यशवंत सिन्हा के ट्वीट पर पद्मजा नाम की एक यूजर सवाल करती हैं – क्या सोनिया गांधी आप को वोट देने के लिए नहीं आई थी? क्या बैलट बॉक्स उनके घर ले जाया गया था? रमाकांत राय नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ संवैधानिक संस्थाओं और प्रावधानों का सम्मान किया जाना चाहिए। क्या वह कहीं और नहीं जाती हैं?’ प्रमिला नाम की एक ट्विटर यूजर ने पूछा – सोनिया गांधी क्या हैं? क्या सारे नियम कानून सिर्फ गरीबों के लिए हैं और बड़े लोगों के लिए अलग से कानून बनाया गया है।
कुणाल प्रियदर्शनी नाम के ट्विटर यूजर पूछते हैं कि क्या आप राष्ट्रपति बनेंगे तो सोनिया गांधी को सभी आरोपों से मुक्त कर देंगे? स्वेता सिंह नाम की एक यूजर लिखती हैं, ‘ वैसे जिस हिसाब से गांधी परिवार के लोगों पर केस हैं, उस हिसाब से तो ईडी और सीबीआई को उनके घर में ही हमेशा के लिए ब्रांच खोल देनी चाहिए।’ सागर नाम के एक यूजर ने पूछा कि क्या वह इस देश की महारानी हैं, जो उनको पूछताछ के दायरे में ना रखा जाए?
सोनिया गांधी आज भी दफ्तर में हुईं पेश
नेशनल हेराल्ड केस के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज ही के सामने पेश हुई थी। जहां उनसे ईडी के अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य के बारे में भी सवाल किए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोनिया गांधी ने अधिकारियों से यह भी कहा था कि वह पूछताछ के दौरान अगर थक जाएं तो उन्हें थोड़ा आराम भी दिया जाए।