देश में 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। ऐसे में अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा देशभर में नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में यशवंत सिन्हा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ से भोपाल में मुलाकात की। जिस पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने कटाक्ष किया।
आचार्य प्रमोद ने यूं कसा तंज : कांग्रेस नेता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए अपनी ही पार्टी के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, ‘ये नौबत आ गई अब, किसी कांग्रेसी को ही लड़ा देते।’ आचार्य प्रमोद द्वारा किए गए इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि आप बीजेपी में जाने वाले हैं तो वहीं कुछ ने कहा कि कांग्रेस आपको जल्द ही बाहर कर देगी।
पढ़िए लोगों के रिएक्शन : संदीप नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया, ‘पूरा देश कांग्रेस से नाराज और दूर जा चुका है, इसमें आचार्य जी अलग नहीं हैं।’ एक अन्य यूजर ने कमेंट किया – आचार्य जी आप जैसे लोग ही इन विदेशी परिवार पार्टी को सही राह दिखा सकते हो या फिर परिवार की गुलामी छोड़ सकते हो। भोले मिश्रा नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया कि , ‘राष्ट्रपति चुनाव तो छोड़ो कांग्रेस अकेले अपने दम पर एक सरपंच भी नहीं बना सकती है।’ जितेंद्र कुमार वर्मा ने सवाल किया – लगता है, आप भी जल्दी कांग्रेस से विदाई लेने वाले हो?
नरेश अग्रवाल नाम के एक टि्वटर यूजर ने पूछा, ‘आप राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनना चाहते थे क्या?’ अनुभव शुक्ला लिखते हैं – इसी तरह का ट्वीट करते रहेंगे तो जल्द ही कांग्रेस पार्टी आपको बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है। हेमंत नाम के एक यूजर ने सलाह दी कि आप जितनी जल्द भाजपा में शामिल हो जाएंगे उतना ही कांग्रेस के लिए बेहतर होगा। महेश नाम के एक यूजर पूछते हैं कि आजकल आप को क्या हो गया है? बगावती तेवर दिखा रहे हैं।
द्रौपदी मुर्मू भी आएंगी भोपाल : एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भी 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेंगी। उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगे हुए हैं। इस दौरान प्रदेश के आदिवासी जिलों से आए कार्यकर्ताओं और कलाकार पारंपरिक स्वागत करते नजर आएंगे। भोपाल दौरे पर द्रौपदी मुर्मू एमपी सीएम शिवराज के साथ पार्टी के अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। गौरतलब है कि देश के नए राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को वोटिंग होनी है।