एक तरफ पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति में उबाल देखने को मिल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अभी से साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिग्विजय सिंह का कथित वीडियो वायरल: वायरल हो रहे वीडियो में दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि ‘‘एक ग्रुप अलग आकर मिलेगा, एक ग्रुप अलग मिलेगा तो ऐसे हम कभी चुनाव जीत नहीं सकते। मेरी मेहनत भी बेकार है और कमलनाथ जी बेचारे भी कुछ नहीं कर पाएंगे। सब लोग एक हो जाओ, लेकिन आप लोग आमने सामने बात करने को तैयार नहीं हैं। मैं यहां खड़ा हूं, लेकिन आप लोग अलग-अलग खड़े हैं… ऐसे काम थोड़ी चलेगा…।’
“..फिर कांग्रेस सत्ता में नहीं आने वाली”: वायरल वीडियो में दिग्विजय सिंह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ‘आखिरी चुनाव है ये 2023 का, बता देता हूं आप लोगों को, अगर आप लोग नहीं ईमानदारी से चुनाव लड़े तो आप सभी घर बैठिये। फिर कांग्रेस वापस नहीं आने वाली। वर्कर नहीं मिलेगा काम करने वाला।” इसके बाद दिग्विजय सिंह वीडियो बनाने से लोगों को मना करते हैं।
लोगों की प्रतिक्रियाएं: दिग्विजय सिंह के इस वायरल हो रहे वीडियो पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। मनीष नामदेव नाम के यूजर ने लिखा कि कांग्रेस का आखिरी चुनाव कार्यकर्ता के कारण नहीं होगा। आखिरी चुनाव तुम जैसे लंपट और बदजुबान चमचागिरी करने वालों के कारण होगा।
सौरभ श्रीवास्तव नाम के यूजर ने लिखा कि दिग्विजय सिंह यह स्वीकार कर रहे हैं कि यह चुनाव कांग्रेस का आखिरी चुनाव है। इसके बाद कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जायेगा। कांग्रेस कि गन्दी राजनीति को समझने में जनता को 60 वर्ष लग गए लेकिन अब जनता कांग्रेस के चाल चरित्र और चेहरे को भलीभांति समझ चुकी है भ्रम समाप्त हो गया है।
विष्णु तिवारी नाम के यूजर ने लिखा कि कांग्रेस को पता है कि वह अब तक का आखिरी चुनाव लड़ रही है। यहां तक कि दिग्विजय सिंह भी तंग आ चुके हैं। क्या इसका मतलब है कि उन्होंने मान लिया है और हम अब एक हिंदू राष्ट्र हैं।