उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एक वायरल वीडियो के चलते विवादों में आ गये हैं। वीडियो में वह एक गाड़ी पर सवार हैं, समर्थकों की भीड़ है। ब्रजेश पाठक एक खुली कार में सवार हैं। उनके हाथ में तिरंगा है लेकिन जो तिरंगा ब्रजेश पाठक के हाथ में है, वह उल्टा है। अब इसको लेकर समाजवादी पार्टी ने ब्रजेश पाठक के साथ ही भाजपा को भी निशाने पर ले लिया है।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का वीडियो वायरल

बताया जा रहा है की वीडियो लखनऊ का है, जहां पर 15 अगस्त के दिन बाइक रैली निकाली गई थी। इस दौरान खुली कार में सवार बृजेश पाठक के हाथ में तिरंगा है और तिरंगा उनके हाथ में उल्टा दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल है और समाजवादी पार्टी ने बृजेश पाठक के साथ ही भाजपा को भी निशाने पर लिया है।

सपा ने किया ट्वीट

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर से वीडियो को शेयर कर लिखा गया, ‘भाजपा के छापेमार उपमुख्यमंत्री लहरा रहे उल्टा तिरंगा! यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपनी रैली में उल्टा तिरंगा लहरा रहे हैं। देश का अपमान करने में नंबर 1 है भाजपाई, इनकी देशभक्ति सिर्फ दिखावी है। नाकारा मंत्री के देखो संस्कार, भारत को कर रहे है शर्मसार।’

@NargisBano70 ने लिखा, ‘उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक यात्रा के दौरान उल्टा तिरंगा लहरा रहे हैं, ये तिरंगे का अपमान कर रहे हैं। ये बड़े शर्म की बात है कि उपमुख्यमंत्री पद पर बैठे एक आदमी इतनी बड़ी गलती कर रहा है।’ मनीष जगन अग्रवाल ने लिखा, ‘भाजपा के लोग राष्ट्रवाद का ढोंग करते हैं। अब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक जी को ही देख लीजिए। उल्टा तिरंगा लहरा रहे। इन्हें राष्ट्रध्वज की मर्यादा और सम्मान का तनिक भी ध्यान नहीं। इन भाजपाइयों का राष्ट्रप्रेम या राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान सिर्फ एक दिखावा है।’

जाकिर अली त्यागी ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक यात्रा के दौरान उल्टा तिरंगा लहरा रहे हैं, ब्रजेश कानून मंत्री भी रह चुके हैं। काफी पढ़े लिखे व्यक्ति कहलाये जाते हैं लेकिन तिरंगा उल्टा किधर से है सीधा किधर से है नहीं मालूम?’ एक अन्य ने लिखा, ‘उपमुख्यमंत्री खुद उल्टा तिरंगा फहरा रहे हैं, अब इनको कोई देशभक्ति का सर्टिफिकेट देगा?’