बाघ, मगरमच्छ और अन्य खतरनाक जानवर…सड़क पर एक साथ आजाद आपको दिखाई दें तो? किसी का भी हलक सूख जाएगा। यह मामला भी कुछ ऐसा ही है। असल में तेलंगाना में एक ट्रक के अंदर खतरनाक जंगली जानवरों को ले जाया जा रहा था। इसी बीच सड़क पर ट्रक पलट गया। गाडी़ में 8 मगरमच्छ थे। इसके अलावा सफेद बाघ और अन्य खतरनाक जीव भी थे। ट्क पलटने से मगरमच्छ बाहर आ गए। उनमें से दो सड़क पर बाहर आ गए। दो मगरमच्छ तो भाग निकले, चलिए बताते हैं कि आगे फिर क्या हुआ?
दरअसल, पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान से जंगली जानवरों को बेंगलुरू के बन्नेरघट्टा राष्ट्रीय उद्यान ले जा रहा एक ट्रक तेलंगाना के निर्मल जिले में पलट गया, जिसके बाद दो मगरमच्छ थोड़ी देर के लिए भाग निकले लेकिन वन कर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार रात करीब एक बजे निर्मल के मोंडिगुट्टा वन चौकी के पास घटी। इस दौरान चालक कथित तौर पर वाहन को तेजी व लापरवाही से चला रहा था जिससे वाहन नेशनल हाइवे-44 पर सीमेंट के खंभों से टकराकर पलट गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि आठ मगरमच्छ और एक सफेद बाघ सहित अन्य जंगली जानवरों को ट्रक से पटना से बेंगलुरु ले जाया जा रहा था और घटना के बाद सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।
वहीं मामले में निर्मल जिले की पुलिस अधीक्षक जी जानकी शर्मिला ने कहा, “घटना के बाद आठ में से दो मगरमच्छ वाहन से बाहर आ गए। वे सड़क पर भाग निकले, जिससे अधिकारियों के होश उड़ गए हालांकि थोड़ी देर बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने वन कर्मियों की मदद से दो मगरमच्छों को पकड़ लिया और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।” उन्होंने यह भी बताया कि जंगली जानवरों को ले जाने के लिए एक अन्य वाहन की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। लोग इस तरह की लापरवाही के लिए खरी-खरी सुना रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना जानवर और इंसान दोनों के लिए खतरनाक है।