चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवी बार आईपीएल जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने CSK को जीत की बधाई दी है। CSK की जीत पर सोशल मीडिया पर कई मीम्स भी बनाये गए और ख़ूब वायरल हुए। इसी बीच देश की सबसे तेज मानी जाने वाली मुंबई पुलिस ने अपने एक्शन की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से की है।
मुंबई पुलिस ने शेयर किया पोस्टर
मुंबई पुलिस ने मीम्स के जरिये कहा कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस का ‘एक्शन टाइम’ एमएस धोनी के ‘रिएक्शन टाइम’ के लगभग समान है। मुंबई पुलिस समय-समय पर ऐसी पोस्ट और मीम्स शेयर करती रहती हैं जिसके जरिये वह अपनी तारीफ करती है और लोगों को आगाह भी करती है।
महेंद्र सिंह धोनी से की तुलना
अब मुंबई पुलिस ने मैदान पर स्टंपिंग करते हुए धोनी की एक तस्वीर शेयर की, वहीं दूसरी तस्वीर में सीसीटीवी में कैद यातायात नियमों का उल्लंघन करती एक कार की फोटो है। मुंबई पुलिस ने दोनों तस्वीर को शेयर कर लिखा है कि ट्रैफिक पुलिस का ‘एक्शन टाइम’ लगभग एमएस धोनी (एमएसडी) के ‘रिएक्शन टाइम’ जैसा ही है।
मुंबई पुलिस के पोस्ट पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने लिखा कि ट्रैफिक पुलिस के कैमरा से महेंद्र सिंह धोनी कई गुना बेहतर हैं। अमोघ नाम के यूजर ने लिखा कि फोटो खींचकर पैसा कमाने का अच्छा धंधा है आप लोगों का! एक अन्य यूजर ने लिखा कि मुंबई पुलिस हमेशा आम लोगों पर कार्रवाई करती है नाकि अपने अधिकारियों पर, ये तो बहुत नाइंसाफी है।
बता दें कि मुंबई पुलिस के इस पोस्ट को 28,000 से अधिक लोगों ने लाइक किया है। वहीं कमेंट कर कुछ लोगों ने मुंबई पुलिस की तारीफ की है तो कुछ पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर की है। इतना ही नहीं, कुछ यूजर्स ने अपने अच्छे और बुरे अनुभव को साझा किया है और पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है।